सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत, दो गंभीर घायल; अनियंत्रित बाइक खाई में गिरी
हटवा बरहा टोला में हुआ दर्दनाक हादसा, एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव लौट रहे थे तीनों युवक, डायल 112 ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल
Also Read
सीधी। जिले के सिहावल जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत हटवा बरहा टोला में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक में सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर कमर्जी की तरफ से अमिलिया की ओर जा रहे थे। वे अपने गांव कोल्हूडीह लौट रहे थे। इसी दौरान हटवा बरहा टोला के पास अचानक सड़क पर गड्ढा आने से मोटरसाइकिल अनियंत्रित हो गई और फिसलते हुए सड़क के नीचे खाई में जा गिरी। हादसे के दौरान मोटरसाइकिल रामकृष्ण विश्वकर्मा के ऊपर गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घायल सोनू विश्वकर्मा ने बताया कि मोटरसाइकिल रामकृष्ण चला रहा था। अचानक सड़क पर गड्ढा आने से बाइक का संतुलन बिगड़ गया और तीनों नीचे खाई की ओर गिर गए। हादसे में सोनू विश्वकर्मा और तुलसी विश्वकर्मा को गंभीर चोटें आई हैं।
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय सीधी पहुंचाया। सोनू विश्वकर्मा की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रीवा रेफर कर दिया, जबकि तुलसी विश्वकर्मा का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है। वहीं मृतक रामकृष्ण विश्वकर्मा (25 वर्ष) के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
कमर्जी थाना प्रभारी सुधाकर सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। मामले की जांच की जा रही है और हादसे के संभावित कारणों का पता लगाया जा रहा है।



