शंकरपुर नहर की सफाई नहीं होने से किसान चिंतित, गेहूं बुवाई के लिए पलेवा पानी का इंतजार।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 25 Nov 2026, 10:38 AM IST | 1 min read
Share:

शंकरपुर नहर की सफाई नहीं होने से किसान चिंतित, गेहूं की बोवनी के लिए पलेवा पानी का इंतजार

बरचर बांध की नहर में पानी नहीं, सफाई के अभाव में खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचने पर संशय

कुसमी/सीधी। जिले के कुसमी जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत रामपुर के बरचर बांध की शंकरपुर नहर की साफ-सफाई नहीं होने से किसान परेशान और चिंतित हैं। रबी सीजन में गेहूं की बोवनी का समय नजदीक है। किसानों को खेतों में पलेवा करने के लिए पानी की आवश्यकता है, लेकिन नहर में पानी उपलब्ध नहीं होने और साफ-सफाई का कार्य नहीं कराए जाने से किसानों की चिंता बढ़ती जा रही है।

किसानों का कहना है कि गेहूं की अच्छी पैदावार के लिए समय पर खेतों में पलेवा होना जरूरी है। इसके लिए नहर के माध्यम से सिंचाई का पानी मिलना आवश्यक है, लेकिन शंकरपुर नहर की स्थिति और सफाई के अभाव को देखते हुए इस बार भी समय पर पानी मिलने को लेकर संशय बना हुआ है।

किसानों का आरोप है कि संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा नहर की साफ-सफाई और पानी की व्यवस्था को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। यदि समय रहते नहर की सफाई कराकर पानी नहीं छोड़ा गया तो किसानों को गेहूं की बोवनी में देरी का सामना करना पड़ सकता है।

किसानों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि शंकरपुर नहर का तत्काल निरीक्षण कर साफ-सफाई कराई जाए और गेहूं की फसल के लिए जल्द से जल्द सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों को खेती के इस महत्वपूर्ण समय में परेशान न होना पड़े।