आपका राशन आपके द्वारा योजना पर सवाल,हितग्राहियों के घरों तक नहीं पहुंच रहा खाद्यान्न।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 26 Nov 2026, 09:40 AM IST | 1 min read
Share:

# ‘आपका राशन आपके द्वार’ योजना पर सवाल, घर तक नहीं पहुंच रहा खाद्यान्न
**वाहनों के बिल-वाउचर बनाकर भुगतान करने का आरोप, जांच की मांग**

**कुसमी।** शासन की महत्वाकांक्षी ‘आपका राशन आपके द्वार’ योजना का लाभ सीधी जिले के कुसमी जनपद पंचायत क्षेत्र के हितग्राहियों को नहीं मिल पा रहा है। योजना के तहत खाद्यान्न वितरण के लिए करीब चार से पांच वाहनों की व्यवस्था किए जाने के बावजूद हितग्राहियों को उचित मूल्य दुकानों तक पहुंचकर राशन लेना पड़ रहा है। ऐसे में योजना के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

हितग्राहियों का आरोप है कि उनके घर उचित मूल्य दुकानों से कई किलोमीटर दूर हैं। शासन की व्यवस्था के अनुसार राशन घर तक पहुंचाया जाना चाहिए, लेकिन जमीनी स्तर पर ऐसा नहीं हो रहा है। दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोगों को खुद दुकान पहुंचकर खाद्यान्न लाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मामले को लेकर आनंद सिंह ददुआ ने खंड प्रशासन और खाद्य विभाग का ध्यान आकृष्ट कराते हुए योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाहनों के संचालन के नाम पर फर्जी बिल-वाउचर तैयार कर भुगतान निकाले जाने की आशंका है। उन्होंने वाहनों के आने-जाने के रिकॉर्ड, सेल्समैन के प्रमाणित हस्ताक्षर और प्रस्तुत किए जा रहे बिल-वाउचर की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई है।

अब सवाल यह है कि जब शासन हितग्राहियों के घर तक राशन पहुंचाने के लिए वाहनों पर खर्च कर रहा है, तो आखिर खाद्यान्न घरों तक क्यों नहीं पहुंच रहा? प्रशासन और खाद्य विभाग को मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, ताकि योजना का लाभ जरूरतमंद हितग्राहियों को मिल सके।