महुरा में मकान के गोदाम में सज रही थी जुए की महफिल, पुलिस ने 10 लोगों को दबोचा

तपस गुप्ता

Reporter | Updated: 19 Nov 2026, 01:09 PM IST | 1 min read
Share:

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

जिले के नौरोजाबाद थाना क्षेत्र में जुए के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई में एक मकान का गोदाम जुए का अड्डा बना मिला। ग्राम महुरा में एक मकान के निचले तल पर स्थित गोदाम में ताश के पत्तों के जरिए रुपये-पैसों की हार-जीत का खेल चल रहा था। पुलिस को इसकी भनक मुखबिर के जरिए लगी और बिना देर किए टीम ने मौके पर दबिश दे दी। कार्रवाई के दौरान गोदाम में जुए की महफिल सजाए बैठे 10 लोगों को पकड़ा गया। मौके से 20 हजार 400 रुपये नकद, ताश की 52 पत्तियां और एक चटाई जब्त की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को नौरोजाबाद थाने में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक अपने हमराह पुलिस बल के साथ वारंटियों की तलाश में ग्राम महुरा की ओर रवाना हुए थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि महुरा निवासी सरमन सिंह राठौर अपने मकान में लोगों को बैठाकर ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगवाते हुए जुआ खिला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने गवाहों को साथ लिया और कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी।

बताया गया कि जुआ मकान के निचले तल में बने गोदाम में संचालित हो रहा था। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां 10 लोग ताश के पत्तों पर दांव लगाते हुए मिले। पुलिस को देखकर जुआ खेल रहे लोगों में हलचल मच गई, लेकिन टीम ने सभी को मौके पर ही पकड़ लिया।

गोदाम से मिले 20,400 रुपये

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुए के फड़ से 16 हजार 200 रुपये और आरोपियों की तलाशी में 4 हजार 200 रुपये बरामद किए। इस तरह कुल 20 हजार 400 रुपये जब्त किए गए। इसके अलावा ताश के 52 पत्ते और एक चटाई भी पुलिस ने अपने कब्जे में ली। जब्ती की कार्रवाई गवाहों की मौजूदगी में रात 11:30 बजे पूरी की गई।

इन 10 लोगों पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार पकड़े गए लोगों में सुरेश प्रजापति निवासी पिपराडी, सरमन सिंह राठौर, बलिराम चौधरी निवासी डगडौआ, नारायण साहू, मोहन साहू, पुरुषोत्तम सिंह, लालचंद सोनी, रवि सोनी, विजय साहू और कैलाश प्रसाद कोल निवासी महरा-महुरा क्षेत्र शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मध्य प्रदेश जुआ अधिनियम की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है। सात वर्ष से कम सजा के प्रावधान को देखते हुए आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कर न्यायालय में उपस्थित होने के लिए पाबंद किया गया।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में संचालित जुए की गतिविधियों को लेकर पुलिस की सक्रियता चर्चा में है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।