कोयले की खदान ने छीना भालू का आशियाना,रेलवे ट्रैक पर मिली मौत, बजरंग पावर पर गंभीर आरोप

तपस गुप्ता

Reporter | Updated: 23 Nov 2026, 10:48 AM IST | 1 min read
Share:

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

कोयले की खदानों के लिए जंगलों में बढ़ती गतिविधियां और वन्यजीवों के अस्तित्व का सवाल अब घुनघुटी क्षेत्र में आमने-सामने दिखाई देने लगा है। एक तरफ कोयला खदान आवंटन और पेड़ों की कटाई को लेकर विरोध के स्वर उठ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ आरक्षित वन क्रमांक 307 में ट्रेन की ठोकर से एक भालू की मौत ने पूरे मामले को नई बहस में ला दिया है। अब इस घटना को लेकर ग्रामीण आंदोलनकारी ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बजरंग पावर कंपनी की खनन गतिविधियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि खदान के कारण भालू का प्राकृतिक रहवास उजड़ गया था और इसी वजह से वह भटकते हुए रेलवे लाइन तक पहुंचा।

जहां था भालू का आशियाना, वहीं पहुंच गई खदान

ज्योति सिंह ने अपने वीडियो में आरोप लगाया कि जिस क्षेत्र में कोल माइंस संचालित की जा रही है, वहां पहले भालू का प्राकृतिक रहवास था। भालू प्रतिदिन इसी इलाके में रहता था और पास स्थित तालाब में पानी पीने आता था। उनका आरोप है कि बजरंग पावर कंपनी की खनन गतिविधियों के चलते तालाब और उसके आसपास का क्षेत्र प्रभावित हुआ, जिससे भालू का आशियाना उजड़ गया।

ज्योति सिंह के मुताबिक, अपना पुराना रहवास छिनने के बाद भालू भटकने को मजबूर था। वह अपने पुराने ठिकाने की ओर लौटने के प्रयास में रेलवे लाइन की तरफ पहुंच गया। इसी दौरान रात करीब 8:30 बजे आने वाली ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, भालू के रेलवे लाइन तक पहुंचने के वास्तविक घटनाक्रम और खनन गतिविधियों से इसके संबंध की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

एक भालू की मौत नहीं, 16 सूअरों का भी उठाया मुद्दा

ज्योति सिंह ने अपने वीडियो में गिठौरी क्षेत्र की एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि एकादशी के दिन रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से 16 जंगली सूअरों की मौत हुई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को उन्होंने वन्यजीवों के लिए बढ़ते खतरे से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं।

उनका कहना है कि जंगल में वन्यजीवों के रहने और पानी पीने के प्राकृतिक ठिकाने प्रभावित होंगे तो वे आखिर जाएंगे कहां।खनन गतिविधियों के विस्तार के बीच वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन और उनके प्राकृतिक रहवास को बचाने की जिम्मेदारी किसकी होगी।

वन विभाग की जांच, किस ट्रेन से हुई टक्कर

इधर घुनघुटी वन परिक्षेत्र के आरक्षित वन क्रमांक 307 में भालू की मौत के मामले में वन विभाग का अमला जांच में जुटा है। पाली एसडीओ दिगेंद्र पटेल सिंह ने बताया कि भालू की मौत ट्रेन की ठोकर से हुई है। विभाग यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि किस ट्रेन की चपेट में आने से भालू की जान गई।

कोयले का विकास या जंगलों का विनाश

घुनघुटी क्षेत्र में कोयला खदान आवंटन को लेकर पहले से ही जंगल और पेड़ों की कटाई का मुद्दा गर्म है। अब भालू की मौत और आंदोलनकारी द्वारा लगाए गए आरोपों ने इस बहस को और तीखा कर दिया है। हालांकि बजरंग पावर कंपनी पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच और आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, लेकिन सवाल महत्वपूर्ण है कि खनन गतिविधियों के बीच वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और सुरक्षित रास्तों को बचाने के लिए क्या इंतजाम किए गए हैं।

विकास की योजनाओं में कोयला और बिजली की जरूरतों का अपना महत्व है, लेकिन क्या इसकी कीमत जंगलों में रहने वाले बेजुबान जीवों को चुकानी पड़ेगी।घुनघुटी के जंगल में रेलवे ट्रैक पर हुई भालू की मौत अब इसी बड़े सवाल को सामने खड़ा कर रही है।