उमरिया तपस गुप्ता(7999276090)
जिले के पाली ब्लॉक अंतर्गत घुनघुटी क्षेत्र में बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड के खिलाफ ग्रामीणों का विरोध अब बड़ा राजनीतिक और जनआंदोलन बनता दिखाई दे रहा है। प्रस्तावित कोयला खदान, पेड़ों की कटाई और सार्वजनिक तालाब की पटाई को लेकर शुरू हुई लड़ाई में अब कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों ने भी दस्तक दे दी है। ग्राम गिठौरी स्थित नाम टांकी दोड़िया तालाब को बचाने के लिए पिछले कई दिनों से धरना दे रहे ग्रामीणों के बीच पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को पहुंचे और उनके साथ धरने पर बैठकर समर्थन जताया। उनके साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय कोल, पाली ब्लॉक अध्यक्ष रवि मिश्रा, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजीव खंडेलवाल सहित जिलेभर के कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी आंदोलन में शामिल हुए। इससे घुनघुटी में चल रहे विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक समर्थन मिलने के साथ आंदोलन की सरगर्मी और बढ़ गई है।
Also Read
तालाब की मेड़ पर सियासी जमावड़ा, कंपनी के खिलाफ नारेबाजी
गिठौरी में आंदोलनकारियों का कहना है कि उनका संघर्ष किसी राजनीतिक दल के लिए नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन को बचाने के लिए है। ग्रामीणों के समर्थन में घुनघुटी जंगल बचाओ समिति लगातार मोर्चा संभाले हुए है। बारिश के बीच छाते लेकर धरने पर बैठने वाले ग्रामीण अब भी आंदोलन स्थल पर डटे हैं। प्रदर्शन के दौरान ‘बजरंग इस्पात वापस जाओ’ जैसे नारे लगाए जा रहे हैं। महिलाओं की भागीदारी भी लगातार देखने को मिल रही है। अब विधायक और कांग्रेस नेताओं के पहुंचने से आंदोलन को नया राजनीतिक स्वर मिल गया है।
तालाब ही नहीं, पेड़ों की कटाई को लेकर भी नाराजगी
जंगल बचाओ समिति और ग्रामीणों ने कंपनी की गतिविधियों को लेकर तालाब के साथ पेड़ों की कटाई का मुद्दा भी उठाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला खदान और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के बीच क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों पर दबाव बढ़ रहा है। गिठौरी का नाम टांकी दोड़िया तालाब ग्रामीणों, मवेशियों और आसपास के वन्यजीवों के लिए महत्वपूर्ण जलस्रोत है। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी द्वारा तालाब में मिट्टी भराई की जा रही है और पानी पहुंचाने वाले प्राकृतिक स्रोत की दिशा में सड़क निर्माण से जलप्रवाह प्रभावित हुआ है। ऐसे में तालाब का अस्तित्व और जंगल का पर्यावरण दोनों ग्रामीणों की चिंता का विषय बन गए हैं।
विधायक ने ग्रामीणों के साथ बैठकर दिया समर्थन
पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को का आंदोलन स्थल पर पहुंचना ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक समर्थन के रूप में देखा जा रहा है। विधायक ने ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठकर उनकी लड़ाई में सहभागिता दर्ज कराई। उनके साथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय कोल, पाली ब्लॉक अध्यक्ष रवि मिश्रा,मनीष सिंह बड़करे और वरिष्ठ नेता संजीव खंडेलवाल सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। जिलेभर से पहुंचे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने आंदोलन को व्यापक रूप दे दिया। ग्रामीणों की मांग है कि उनके सार्वजनिक जलस्रोत और जंगल से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लिया जाए तथा कंपनी की गतिविधियों की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
पहले भी उठ चुके हैं जमीन और खसरा नंबर 42 के मामले
बजरंग पावर को लेकर क्षेत्र में पहले भी विवाद सामने आ चुके हैं। ग्रामीणों ने खसरा नंबर 42 को लेकर जमीन पर कब्जे और डराने-धमकाने के आरोप लगाए हैं। कंपनी परिसर में हुए विवाद के बाद एफआईआर दर्ज होने का मामला भी चर्चा में रहा है। अब तालाब की पटाई, प्राकृतिक जलस्रोत के प्रभावित होने और पेड़ों की कटाई के आरोपों ने विरोध को और तेज कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि विकास और रोजगार के नाम पर उनके पारंपरिक संसाधनों तथा सार्वजनिक उपयोग की जमीन और जलस्रोतों को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए।
कंपनी का दावा, सभी अनुमतियों के तहत हो रहा काम
दूसरी ओर बजरंग पावर के जीएम शशिधर द्विवेदी पहले ही कंपनी का पक्ष रखते हुए कह चुके हैं कि भारत सरकार और मध्य प्रदेश शासन के नियमों एवं अनुमतियों के अनुसार माइंस का काम किया जा रहा है। कंपनी के पास आवश्यक स्वीकृतियां हैं और काम नियमानुसार हो रहा है। उन्होंने आंदोलनकारियों पर कंपनी के काम में बाधा डालने और कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने के आरोप भी लगाए थे।
अब आंदोलन की दिशा पर टिकी निगाहें
घुनघुटी में अब लड़ाई केवल एक तालाब की पटाई तक सीमित नहीं रह गई है। पेड़ों की कटाई, जंगल का अस्तित्व, सार्वजनिक जलस्रोत और प्रस्तावित कोयला खदान जैसे मुद्दे एक साथ जुड़ गए हैं। विधायक और जिलेभर के कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी ने आंदोलन को नया राजनीतिक आयाम दिया है। ग्रामीणों ने पहले ही चेतावनी दी है कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर सड़क जाम सहित उग्र आंदोलन किया जाएगा। अब प्रशासन की कार्रवाई और कंपनी की गतिविधियों को लेकर आने वाले दिन घुनघुटी के इस संघर्ष की अगली दिशा तय करेंगे।



