₹10 हजार की रिश्वत लेते उप तहसील का बड़ा बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त रीवा ने की कार्रवाई

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 19 Nov 2026, 12:24 PM IST | 0 min read
Share:

₹10 हजार की रिश्वत लेते उप तहसील का बड़ा बाबू रंगे हाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त रीवा ने की कार्रवाई

पैतृक जमीन को शासकीय भूमि घोषित करने की कार्रवाई रुकवाने के एवज में मांगे थे 15 हजार रुपये, हनुमानगढ़ उप तहसील में मचा हड़कंप

सीधी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त रीवा की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए रामपुर नैकिन तहसील अंतर्गत हनुमानगढ़ उप तहसील में पदस्थ बड़े बाबू भूपेंद्र सिंह चौहान को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। लोकायुक्त की टीम ने यह कार्रवाई गुरुवार शाम करीब 4 बजे आरोपी के कार्यालय स्थित चेंबर में की।

जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता हीरालाल कोल (57 वर्ष), निवासी ग्राम देवरछ, थाना रामपुर नैकिन ने 18 नवंबर 2026 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कार्यालय में पदस्थ बाबू भूपेंद्र सिंह चौहान द्वारा उनकी पैतृक भूमि को कलेक्टर के आदेश से शासकीय भूमि घोषित किए जाने की कार्रवाई रुकवाने के एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त संभाग रीवा की टीम ने मामले का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत की मांग की पुष्टि होने पर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित की गई। निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता को 10 हजार रुपये लेकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही भूपेंद्र सिंह चौहान ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, पहले से मौजूद लोकायुक्त टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। लोकायुक्त निरीक्षक एस. राम मरावी ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को रिश्वत लेते पकड़ा गया है। फिलहाल टीम द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक एस. राम मरावी एवं निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया सहित लोकायुक्त कार्यालय रीवा की टीम शामिल रही। लोकायुक्त संगठन ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो मोबाइल नंबर 98936 07619 पर शिकायत कर सकते हैं।