सीधी के 184 शिक्षक बने कैरियर मार्गदर्शक, विद्यार्थियों को देंगे भविष्य की राह…
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को रुचि और योग्यता के अनुरूप कैरियर चयन में करेंगे मदद..
Also Read
सीधी
विद्यार्थियों को उनकी रुचि, प्रतिभा और योग्यता के अनुरूप कैरियर चुनने में मदद करने के लिए जिले के 184 शिक्षकों को कैरियर मार्गदर्शक के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। अब ये शिक्षक कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, रोजगार और विभिन्न कैरियर विकल्पों की जानकारी देकर भविष्य की राह चुनने में सहयोग करेंगे।
कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशन एवं जिला शिक्षा अधिकारी पीके सिंह के मार्गदर्शन में समग्र शिक्षा अभियान (माध्यमिक शिक्षा) द्वारा 16 एवं 17 नवंबर को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, सीधी में दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें कुसमी के 17, मझौली के 29, रामपुर नैकिन के 39, सीधी के 59 और सिहावल के 40 शिक्षकों सहित कुल 184 शिक्षकों ने भाग लिया।
एपीसी रमसा डॉ. सुजीत कुमार मिश्र ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत कैरियर मार्गदर्शन को महत्व देते हुए शिक्षकों को आधुनिक संसाधनों और तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। मास्टर ट्रेनरों ने कैरियर कैलेंडर, 21 डोमेन, 501 कैरियर कार्ड, यू-रिपोर्ट इंडिया, विद्यार्थी प्रोफाइल, कैरियर प्लानिंग, पावर स्किल्स तथा मास्लॉव एवं हॉलैंड मॉडल की जानकारी दी।
प्रशिक्षण में समूह चर्चा, संवादात्मक सत्र और प्रेरक वीडियो के माध्यम से उच्च शिक्षा एवं रोजगार की संभावनाओं से अवगत कराया गया। प्रशिक्षित शिक्षक विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को भी परामर्श देंगे, ताकि कोई विद्यार्थी जानकारी के अभाव में अपनी रुचि और योग्यता के अनुरूप कैरियर चुनने से वंचित न रहे।



