25 लाख के पुल निर्माण में भुगतान पर सवाल,21 दिन पहले ही ट्रेडर्स के खाते में पहुंच गए 12.55 लाख।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 25 Nov 2026, 07:06 AM IST | 1 min read
Share:

### 25 लाख के पुल निर्माण में भुगतान पर सवाल, 21 दिन पहले ही ट्रेडर्स के खाते में पहुंच गए 12.55 लाख रुपये

मझिगवां पंचायत का मामला: भुगतान पत्रक की तारीख और राशि जारी होने की तिथि में अंतर, बिल-वाउचर, बैठक रजिस्टर और निर्माण गुणवत्ता की जांच की मांग

कुसमी/सीधी। जनपद पंचायत कुसमी अंतर्गत ग्राम पंचायत मझिगवां में विधायक निधि से स्वीकृत 25 लाख रुपये की लागत से बन रही कन्वर्ट पुलिया के निर्माण और सामग्री खरीदी को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्राम चितौली में शासकीय प्राथमिक शाला पहुंच मार्ग पर राजकुमार पनिका के घर के पास पुलिया का निर्माण कराया गया है। ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता के साथ-साथ पंचायत द्वारा किए गए भुगतान की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, पंचायत के भुगतान पत्रक में 23 जून 2026 की तारीख दर्ज है, जबकि अर्पिता ट्रेडर्स, पथरौला मझौली के खाते में सरपंच-सचिव द्वारा 2 जून 2026 को ही 12 लाख 55 हजार 565 रुपये का भुगतान किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब भुगतान पत्रक की तारीख 23 जून है, तो उससे 21 दिन पहले इतनी बड़ी राशि किस प्रक्रिया के तहत जारी कर दी गई? भुगतान के लिए बैठक कब हुई और उसका प्रस्ताव किस तारीख को तैयार किया गया?

मामले में खरीदी की जगह भी चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पंचायत द्वारा सामग्री की खरीदी कुसमी से करीब 65 किलोमीटर दूर दूसरे जनपद क्षेत्र के पथरौला स्थित अर्पिता ट्रेडर्स से की गई, जबकि कुसमी मुख्यालय में भी कई ट्रेडर्स की दुकानें उपलब्ध हैं। ग्रामीणों का सवाल है कि स्थानीय दुकानों से सामग्री खरीदी का अवसर क्यों नहीं दिया गया और क्या इसके लिए कोई विज्ञप्ति या प्रक्रिया अपनाई गई थी?

ग्रामीणों ने बैठक रजिस्टर, भुगतान पत्रक, सभी बिल-वाउचर, मजदूरों की उपस्थिति और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही 25 लाख रुपये की स्वीकृत राशि के संपूर्ण व्यय का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग उठाई है।

अब सवाल यह है कि भुगतान की तारीखों में अंतर क्यों है और क्या पूरी प्रक्रिया नियमानुसार अपनाई गई? संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।