तुलसी के पौधों से किया वरिष्ठ कांग्रेसजनों का सम्मान, युवा कांग्रेस ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदे

तपस गुप्ता

Reporter | Updated: 20 Nov 2026, 05:31 PM IST | 0 min read
Share:

शहडोल

देवउठनी एकादशी एवं तुलसी विवाह के पावन अवसर पर युवा कांग्रेस शहडोल ने धार्मिक आस्था, भारतीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए सराहनीय पहल की। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस परिवार के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ कांग्रेसजनों को तुलसी के पौधे भेंट कर पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस पहल के जरिए वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान प्रकट करने के साथ ही प्रकृति और हरियाली को सहेजने का संदेश भी दिया गया।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय अवस्थी, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अनुपम गौतम, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. शिल्पी अग्रवाल, पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष नीरज द्विवेदी एवं सोहागपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम दास सोनी को तुलसी के पौधे भेंट किए गए। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सभी वरिष्ठजनों को देवउठनी एकादशी एवं तुलसी विवाह की शुभकामनाएं देते हुए उनके मार्गदर्शन और संगठन में योगदान के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के निर्वाचित जिला महासचिव निशांत जोशी, निर्वाचित सोहागपुर युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रियांशु चौबे (सोनू), जिला महासचिव नमो गर्ग एवं छात्र नेता सुहेल आलम उपस्थित रहे।

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तुलसी के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय परंपरा में तुलसी का विशेष स्थान है। तुलसी का पौधा केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और हरित वातावरण के महत्व का भी संदेश देता है।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि त्योहारों को केवल परंपरागत तरीके से मनाने के बजाय उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोड़ना भी जरूरी है। इसी सोच के साथ वरिष्ठ कांग्रेसजनों को तुलसी के पौधे भेंट किए गए, ताकि सम्मान और शुभकामनाओं के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी समाज तक पहुंचे।

युवा कांग्रेस की इस पहल को धार्मिक परंपराओं के सम्मान, संगठनात्मक आत्मीयता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता से जोड़कर देखा जा रहा है।