रविवार की छुट्टी भी जाम में कैद, 11 साल से बन रहा NH-43 फिर भी बेहाल

तपस गुप्ता

Reporter | Updated: 22 Nov 2026, 04:28 AM IST | 1 min read
Share:

उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)

आमतौर पर रविवार का दिन लोगों के लिए सुकून और राहत लेकर आता है, लेकिन शहडोल-उमरिया राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-43 पर सफर करने वालों के लिए यह रविवार भी किसी मुसीबत से कम नहीं रहा। मोर्चा फाटक और घुनघुटी के आसपास हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। रात से शुरू हुआ जाम रविवार को भी खत्म नहीं हुआ। कहीं बसें फंसी रहीं तो कहीं छोटे-बड़े वाहन कीचड़ में पहिए धंसने के कारण आगे बढ़ने के लिए जूझते नजर आए। सड़क पर फंसे यात्रियों के लिए समय जैसे थम गया। छुट्टी का दिन हो या कामकाज का दिन, इस मार्ग से गुजरने वालों की किस्मत में फिलहाल जाम और परेशानी ही लिखी दिखाई दे रही है।

एक बारिश और हाईवे की खुल गई पोल

बीती रात हुई बारिश ने निर्माणाधीन हाईवे की बदहाली को और उजागर कर दिया। सड़क पर फैले कीचड़ के कारण कई वाहन फंस गए। वाहनों के निकलने की कोशिश में यातायात बार-बार बाधित होता रहा। हाईवे के दोनों ओर लंबी कतारें लग गईं। स्थिति ऐसी बनी कि वाहन चालकों को आगे बढ़ने के बजाय घंटों इंतजार करना पड़ा। यात्री बसों में बैठे लोगों की परेशानी भी बढ़ गई। शहडोल से पाली और उमरिया की ओर आने वाले यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने में अनिश्चितता का सामना करना पड़ा।

11 साल से निर्माण, जनता को अब तक इंतजार

शहडोल-उमरिया सड़क मार्ग के निर्माण और चौड़ीकरण का काम लगभग 11 वर्षों से चल रहा है। इतने लंबे समय में कई बार मौसम बदला, सरकारें बदलीं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलीं, लेकिन इस मार्ग की तस्वीर में अपेक्षित बदलाव नजर नहीं आया। निर्माण कार्य की लंबी अवधि का खामियाजा हर दिन हजारों राहगीरों को भुगतना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में कीचड़ और फंसे वाहन, तो अन्य दिनों में निर्माणाधीन हिस्सों से गुजरने की चुनौती बनी रहती है।

हादसों का खतरा, ऊपर से घंटों का जाम

इस हाईवे पर आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की खबरें सामने आती रहती हैं। निर्माणाधीन हिस्सों में यातायात का दबाव और सड़क की खराब स्थिति वाहन चालकों के लिए जोखिम बढ़ाती है। रात के समय दृश्यता कम होने से मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। रविवार को लगे लंबे जाम ने यात्रियों की परेशानी को कई गुना बढ़ा दिया। जरूरी काम से निकले लोग, मरीजों को लेकर जाने वाले वाहन और रोजमर्रा के सफर पर निर्भर लोग भी इस अव्यवस्था से प्रभावित हो रहे हैं।

सत्ता, विपक्ष और अधिकारियों की नजरों के सामने बदहाल हाईवे

यह कोई ऐसा मार्ग नहीं है, जहां से जिम्मेदारों का कभी गुजरना न होता हो। सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि, विपक्ष के नेता, मंत्री और प्रशासनिक अधिकारी भी इसी हाईवे से आवाजाही करते हैं। विकास कार्यों की समीक्षा और निरीक्षण के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल होता है। इसके बावजूद करीब 11 साल से निर्माणाधीन सड़क की परेशानियां आम जनता का पीछा नहीं छोड़ रही हैं। राजनीतिक दलों के विकास संबंधी दावों और सरकारी व्यवस्थाओं के बीच सड़क की वास्तविक स्थिति यात्रियों को रोज महसूस करनी पड़ रही है।

रविवार को भी लगे इस जाम ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया कि हाईवे का निर्माण केवल कागजों और कार्य प्रगति के दावों तक सीमित नहीं रह सकता। लोगों को ऐसी सड़क चाहिए, जिस पर बारिश के बाद वाहन कीचड़ में न फंसें और सफर घंटों के इंतजार में न बदले। फिलहाल NH-43 पर रविवार की छुट्टी भी हजारों यात्रियों के लिए जाम में गुजरती नजर आई।