उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के पाली ब्लॉक अंतर्गत घुनघुटी क्षेत्र में बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड की गतिविधियों को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रस्तावित कोयला खदान को लेकर पहले से विरोध झेल रही कंपनी अब गिठौरी गांव के सार्वजनिक तालाब को लेकर ग्रामीणों के निशाने पर है। नाम टांकी दोड़िया तालाब की पटाई और मिट्टी भराई के आरोपों ने क्षेत्र में नया संघर्ष खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों के समर्थन में घुनघुटी जंगल बचाओ समिति ने मोर्चा खोल दिया है। पिछले चार दिनों से तालाब की मेड़ पर धरना-प्रदर्शन जारी है। महिलाएं भी बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होकर कंपनी के खिलाफ नारेबाजी कर रही हैं। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि तालाब और उनके पारंपरिक जलस्रोतों से किसी भी तरह की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को सड़क तक ले जाने और सड़क जाम करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
Also Read
जिस तालाब पर गांव की जिंदगी निर्भर, उसी पर भराई का आरोप
ग्राम पंचायत घुनघुटी के अंतर्गत ग्राम गिठौरी स्थित नाम टांकी दोड़िया तालाब ग्रामीणों के लिए महज पानी का गड्ढा नहीं, बल्कि पीढ़ियों से जीवन का आधार रहा है। इसी तालाब से ग्रामीण निस्तार करते हैं, महिलाएं कपड़े धोती हैं, लोग स्नान करते हैं और मवेशियों की प्यास बुझती है। आसपास के जंगलों में विचरण करने वाले वन्यजीव भी इसी जलस्रोत का उपयोग करते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बजरंग पावर कंपनी अपने निजी व्यावसायिक उपयोग के लिए तालाब में मिट्टी की पटाई और भराई करा रही है। इतना ही नहीं, तालाब में पानी पहुंचाने वाले प्राकृतिक स्रोत के रास्ते में सड़क निर्माण किए जाने से जलप्रवाह भी प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक, जलस्रोत का रास्ता ही बाधित हो जाएगा तो तालाब का अस्तित्व कैसे बचेगा?
खसरा नंबर 42 को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीण अरुण सिंह ने आरोप लगाया कि खसरा नंबर 42 से जुड़े मामले में कंपनी के लोगों द्वारा ग्रामीणों को डराया-धमकाया गया और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में जमीन पर कब्जा किया गया। उन्होंने कहा कि गांव का यह तालाब आदिवासी परिवारों और मवेशियों की जरूरतों से जुड़ा है। यहां से केवल ग्रामीण ही नहीं, बल्कि जंगल के जानवर भी पानी पीते हैं। कंपनी की गतिविधियों से ग्रामीणों के पारंपरिक निस्तार पर संकट पैदा हो रहा है। अरुण सिंह ने कहा कि आदिवासियों के अधिकारों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए ग्रामीण अब पीछे हटने वाले नहीं हैं।
पानी का रास्ता बंद, अब तालाब बचाने की जंग
ग्राम गिठौरी निवासी ज्योति सिंह ने बताया कि पंचायत द्वारा तालाब का निर्माण ग्रामीणों, आदिवासियों और मवेशियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर कराया गया था। कंपनी द्वारा तालाब के मुख्य जलस्रोत की दिशा में सड़क बना दिए जाने से पानी का आना प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इसी तालाब में नहाते हैं, कपड़े धोते हैं और मवेशियों को पानी पिलाते हैं। जंगल के जानवरों के लिए भी यह महत्वपूर्ण जलस्रोत है। अब इसी तालाब को भरने की गतिविधियों से गांव के लोगों की चिंता बढ़ गई है।
जल-जंगल-जमीन की लड़ाई में समिति भी कूदी
घुनघुटी जंगल बचाओ समिति के सदस्य रवि मिश्रा ने कहा कि आदिवासी समाज के पारंपरिक संसाधनों को बचाने के लिए ग्रामीणों को आंदोलन करना पड़ रहा है। कई पीढ़ियों से लोग इस तालाब का उपयोग करते आ रहे हैं। इसके प्राकृतिक जलस्रोत को प्रभावित करने और तालाब की पटाई की गतिविधियां बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीणों की मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर सड़क जाम भी किया जाएगा।
समिति की सदस्य तृप्ति सोनी ने कहा कि यह लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि ग्रामीणों के सार्वजनिक जलस्रोत, जंगल और प्राकृतिक अधिकारों को बचाने की लड़ाई है। तालाब का अस्तित्व समाप्त होने से सबसे ज्यादा नुकसान गरीब और आदिवासी परिवारों को होगा। उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर ग्रामीणों की बुनियादी जरूरतों और प्रकृति की अनदेखी स्वीकार नहीं की जा सकती। समिति ग्रामीणों के साथ मजबूती से खड़ी है और तालाब को बचाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
लैंड क्लीयरेंस तक काम बंद रखने की मांग
अनुराग सिंह ने कंपनी की लैंड क्लीयरेंस और अन्य वैधानिक अनुमतियों का हवाला देते हुए कहा कि सभी जरूरी स्वीकृतियां स्पष्ट होने तक संबंधित गतिविधियों पर रोक लगनी चाहिए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन पर भी ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया। आंदोलनकारियों का कहना है कि सार्वजनिक जलस्रोत को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की जानी चाहिए।
पहले एफआईआर, अब तालाब पर संग्राम
बजरंग पावर को लेकर क्षेत्र में विवाद का यह पहला मामला नहीं है। बीते दिनों कंपनी परिसर और ग्रामीणों के बीच हुए विवाद के बाद एफआईआर दर्ज होने का मामला भी सामने आया था। अब तालाब की पटाई और भराई को लेकर लगातार चार दिनों से जारी धरना कंपनी और ग्रामीणों के बीच बढ़ते टकराव को उजागर कर रहा है। प्रस्तावित कोयला खदान को लेकर पहले से असंतोष झेल रहे क्षेत्र में अब सार्वजनिक जलस्रोत का मुद्दा भी आंदोलन का बड़ा कारण बन गया है।
कंपनी ने आरोपों को नकारा, सभी अनुमतियों से काम करने का दावा
बजरंग पावर के जीएम शशिधर द्विवेदी ने कंपनी का पक्ष रखते हुए कहा कि भारत सरकार और मध्य प्रदेश शासन के आदेशों एवं नियमों के अनुसार माइंस का काम किया जा रहा है। कंपनी के पास आवश्यक अनुमतियां हैं और सभी कार्य नियमानुसार हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े लोग माइंस परिसर में पहुंचकर काम में बाधा डाल रहे हैं और कर्मचारियों के साथ अभद्रता कर रहे हैं। उनके मुताबिक कंपनी शांतिपूर्वक अपना काम कर रही है।



