आजीविका एवं बच्चों के भविष्य को लेकर प्रयासरत है संजय टाइगर रिजर्व..

राजू गुप्ता (स्टेट हेड)

Reporter | Updated: 11 Nov 2026, 01:54 PM IST | 1 min read
Share:

आजीविका एवं बच्चों के भविष्य को लेकर प्रयासरत है संजय टाइगर रिजर्व..

एलएनटी कंपनी में प्रशिक्षण व रोजगार के लिए वस्तुआ में आयोजित हुआ कार्यक्रम…

ग्रामीण बेरोजगार युवाओं को मिल रहा है रोजगार का अवसर..

संजय सिंह मझौली सीधी
सीधी जिला का संजय टाइगर रिजर्व विभाग आरक्षित क्षेत्र में आवाद ग्रामों को विस्थापित कर रहा है वहीं दूसरी तरफ ग्रामीणों के आजीविका एवं बच्चों के भविष्य को लेकर भी विभाग लगातार प्रयासरत है ताकि बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिल सके जिससे परिवार की आजीविका सुनिश्चित हो और स्कूली बच्चों का भविष्य भी सुरक्षित रहें जिसके लिए विभाग द्वारा कई तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

इसी कड़ी में 11 नवंबर 26 को परिक्षेत्र अधिकारी बस्तुआ के संयोजन में रेस्ट हाउस वस्तुआ में एसडीओ संजय टाइगर रिजर्व एच एल सिंह की विशेष उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित हुआ जहां एलएनटी कंपनी से सेक्टर इंचार्ज ट्रेनिंग सेंटर लखनादौन कमल चंद्रवंशी एवं परिक्षेत्र अधिकारी बस्तुआ कैलाश बामनिया व परिक्षेत्र अधिकारी दुबरी विवेक सिंह मौजूद रहे जिसमे क्षेत्र के ग्रामीण युवा शामिल हुए।

बताते चलें कि इसी तरह का कार्यक्रम डेढ़ मांह पूर्व आयोजित हुआ था जिसमें 34 युवाओं ने अपनी सहमति देते हुए ट्रेनिंग सेंटर लखनादौन पहुंचे थे जहां एक महीना प्रशिक्षण के बाद दीपावली पर अपने घर आए हुए थे जिन्होंने कार्यक्रम में अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि ट्रेनिंग सेंटर में बहुत ही बढ़िया व्यवस्था रहती है जहां समय पर खाना,नास्ते के साथ प्रशिक्षण एवं खेलकूद व मनोरंजन की भी व्यवस्था रहती है।सभी ने उम्मीद जताई है कि इस प्रशिक्षण के बाद उनका भविष्य उज्जवल होगा एवं एलएनटी कंपनी में उन्हें स्थाई नौकरी मिलेगी जिससे उनके परिवार का भविष्य सुरक्षित एवं सुखमय हो सकता है।उनके अनुभव के बाद क्षेत्र से आए अन्य युवा भी प्रभावित हुए जो प्रशिक्षण में जाने के लिए अपनी सहमति दिए ।

परिक्षेत्र अधिकारी बस्तुआ ने ग्रामीण बच्चों के साथ मनाई थी दीपावली
बताते चलें कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र का गिजोहर ग्राम दो वर्ष पहले चर्चा में आया था जब वहां के ग्रामीणों ने तेदुए के हमले के बाद विभाग के अधिकारी/कर्मचारी के ऊपर आक्रोशित होकर हमला कर दिया था लेकिन उसी ग्राम में परिक्षेत्र अधिकारी बस्तुआ कैलाश बामनिया अपने कार्य एवं व्यवहार से ग्रामीणों का भरोसा अर्जित किया है एवं दीपावली के दिन अपनी छः वर्ष की बच्ची के साथ गिजोहर ग्राम में पहुंचकर गांव के छोटे-छोटे बच्चों के साथ दीवाली का उत्सव मनाया और सभी बच्चों को पटाखे, खिलौने के साथ कॉपी किताब व मिठाई भेंटकर दीपावली की बधाई दी।इस कार्यक्रम के बाद ग्रामीण जन काफी भावुक हुए और उन्हें यह एहसास हुआ कि टाइगर रिजर्व हम लोगों के बच्चों एवं आजीविका को लेकर प्रयासरत है।

इनका कहना
मैं एक महीना ट्रेनिंग सेंटर लखनादौन में रहा हूं जहां से मैं संतुष्ट भी हूं और उम्मीद भी है कि हमें कंपनी में स्थाई नौकरी भी मिलेगी।क्षेत्र के ग्रामीण युवाओं को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए।
राजेंद्र सिंह गोंड़ ग्रामीण युवा
टाइगर रिजर्व क्षेत्र से ग्रामीणों को विस्थापित किया जाना है लेकिन उनके भविष्य को लेकर भी हम चिंतित हैं इसलिए एलएनटी कंपनी से अनुबंध किया गया है कि इस क्षेत्र के युवाओं को प्रशिक्षण व रोजगार दिया जाए उसी के तहत आज कार्यक्रम आयोजित हुआ है।
एच एल सिंह एसडीओ संजय टाइगर रिजर्व मझौली
कंपनी के साथ अनुबंध किया गया है उसी के तहत प्रदेश के कई रिजर्व क्षेत्र जहां विस्थापन की कार्रवाई हो रही है वहां के युवाओं को रोजगार देने के लिए इस तरह कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।यहां से 34 युवा प्रशिक्षण के लिए गए थे जो कार्यक्रम में अपना अनुभव साझा किए हैं एवं इस क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी रोजगार का सुनहरा मौका है जिसमें पढ़े लिखे एवं सामान्य शिक्षित युवाओं को भी रोजगार दिया जाता है।
कमल चंद्रवंशी सेंटर इंचार्ज एलएनटी ट्रेनिंग सेंटर लखनादौन