अमगांव उपस्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था,बिजली पानी और बाउंड्रीवाल का अभाव।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 12 Nov 2026, 08:26 AM IST | 1 min read
Share:

अमगांव उप स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था, बिजली-पानी और बाउंड्रीवॉल का अभाव।

धान हटने के बाद भी नहीं सुधरी स्वास्थ्य केंद्र की तस्वीर, सुविधाओं के अभाव में कर्मचारी और ग्रामीण परेशान

कुसमी, सीधी। अमगांव उप स्वास्थ्य केंद्र में रखी धान को लगातार मीडिया में खबरें प्रकाशित होने के बाद हटा दिया गया है, लेकिन इसके बावजूद स्वास्थ्य केंद्र की मूलभूत समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। बिजली, पानी और बाउंड्रीवॉल जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने से यहां पदस्थ कर्मचारियों के साथ-साथ उपचार के लिए पहुंचने वाले ग्रामीणों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ एएनएम प्रतिभा सिंह ने बताया कि पहले उनकी पदस्थापना गाजर में थी। कुछ महीने पहले उन्हें आमगांव उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ किया गया है। वर्तमान में वह यहां की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के प्रयास में लगी हुई हैं।

वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से सीएचओ की पदस्थापना नहीं होने के कारण आरोग्य केंद्र और उप स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। आरोग्य केंद्र का भवन भी जर्जर स्थिति में पहुंच गया है। भवन के दरवाजे और खिड़कियां टूट चुकी हैं, टाइल्स उखड़ गए हैं तथा अन्य कई समस्याएं सामने आ रही हैं।

ग्रामीणों के मुताबिक, स्वास्थ्य केंद्र का बोर कई वर्षों से खराब पड़ा है। फिलहाल किसी तरह हैंडपंप के सहारे पानी की व्यवस्था की जा रही है, जबकि वाटर सप्लाई की पाइपलाइन भी खराब हो चुकी है। बिजली की समस्या के साथ बाउंड्रीवॉल नहीं होने से स्वास्थ्य कर्मचारियों को यहां रुकने में भी दिक्कत होती है। ग्रामीणों का कहना है कि अन्य आरोग्य केंद्रों में बाउंड्रीवॉल की सुविधा उपलब्ध है, लेकिन आमगांव उप स्वास्थ्य केंद्र आज भी इससे वंचित है।

रिकॉर्ड में दुरुस्त, लेकिन जमीन पर बदहाल व्यवस्था

कुसमी क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग के रिकॉर्ड में व्यवस्थाएं भले ही दुरुस्त दिखाई जाती हों, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर सीधी सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए उप स्वास्थ्य केंद्र की बिजली, पानी, भवन मरम्मत और बाउंड्रीवॉल की समस्या का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।