बहरी में बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, 58 यात्रियों की अटकी सांसें, पांच घायल

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 24 Nov 2026, 01:17 PM IST | 1 min read
Share:

बहरी में बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत, 58 यात्रियों की अटकी सांसें, पांच घायल

ओवरटेक करने के दौरान हुआ हादसा, डिवाइडर से टकराई सतना से सिंगरौली जा रही बस, पलटने से बाल-बाल बची

सीधी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रजडिहा में एनएच-39 मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के दौरान बस ट्रक से साइड लेकर आगे निकलने का प्रयास कर रही थी, तभी दोनों वाहनों के बीच अगल-बगल से भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। गनीमत रही कि बस पलटने से बच गई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

जानकारी के अनुसार सतना से सिंगरौली की ओर जा रही बस में हादसे के समय कुल 58 यात्री सवार थे। दुर्घटना में पांच यात्रियों को चोटें आई हैं। इनमें तीन यात्रियों को मामूली चोटें आईं, जबकि दो यात्रियों सुखेंद्र पनिका और मीना रावत के सिर, हाथ-पैर में चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे के बाद बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसके चलते वह आगे चलने की स्थिति में नहीं रही। घटना के बाद बस और ट्रक दोनों मौके पर खड़े रहे। स्थानीय निवासी नीरज नामदेव ने बताया कि ओवरटेक करने के चक्कर में दोनों वाहनों के बीच टक्कर हुई है। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

वहीं बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। दुर्घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। मामूली रूप से घायल यात्रियों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।