बिना प्रस्ताव कराए पंचायत में छह कार्यों पर खर्च की राशि, नाली का पानी घरों में घुसने का आरोप
चोभरा पंचायत में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर उठे सवाल, 14 लाख की सीसी सड़क एक साल में उखड़ी, तीन नाडेप निर्माण भी जांच के घेरे में
Also Read
सीधी। जिले के रामपुर नैकिन जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चोभरा में पंचायत के निर्माण कार्यों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने सरपंच रामस्वरूप यादव और सब इंजीनियर अमर सिंह पर मिलीभगत कर बिना प्रस्ताव के मनमाने तरीके से कार्य कराने के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत में करीब छह कार्य ऐसे हुए हैं, जिनकी गुणवत्ता और वास्तविकता की जांच होनी चाहिए।
ग्रामीणों के मुताबिक, पंचायत में करीब 6 लाख रुपये की लागत से तीन नाडेप निर्माण कराए गए हैं। वहीं लगभग 14 लाख रुपये की लागत से बनी सीसी सड़क एक साल के भीतर ही उखड़ने लगी है। इसके अलावा करीब 3 लाख रुपये की लागत से नाली का निर्माण कराया गया है, लेकिन नाली की दिशा गलत होने के कारण पानी की निकासी की समस्या खड़ी हो गई है।
गांव के 80 वर्षीय बुजुर्ग रामभद्र ने बताया कि नाली का पानी घरों से होते हुए पुल की ओर निकलना चाहिए था, लेकिन निर्माण इस तरह किया गया है कि पानी उल्टी दिशा में बहकर उनके घर में घुस सकता है। उनका आरोप है कि निर्माण के दौरान सब इंजीनियर सहित कोई भी अधिकारी मौके पर निरीक्षण करने नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सब इंजीनियर अमर सिंह सरपंच के साथ मिलकर मनमाने तरीके से कार्य कराते हैं और स्वयं मूल्यांकन कर राशि का भुगतान कराते हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में सब इंजीनियर अमर सिंह ने कहा कि कार्यों का मूल्यांकन करना उनका दायित्व है। यदि कार्य हुआ है तो उसका मूल्यांकन कर भुगतान किया जाएगा। किसी को शिकायत करनी है तो वह शिकायत कर सकता है।
वहीं रामपुर नैकिन जनपद पंचायत के सीईओ डॉ. हरीश केसरवानी ने बताया कि सब इंजीनियर अमर सिंह के विरुद्ध कार्रवाई के लिए कई बार प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं, लेकिन जिला पंचायत स्तर से अब तक कार्रवाई नहीं हुई है। उनकी शिकायतें पहले भी प्राप्त हो चुकी हैं।



