छुहिया घाटी में फिल्मी अंदाज में वारदात,उड़ीसा पुलिस पर फायरिंग, कर NDPS के आरोपी को छुड़ाया।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 29 Sep 2026, 10:14 AM IST | 1 min read
Share:

चार गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेरा, बेसबॉल बैट से हमला कर आरोपी को लेकर फरार; मैहर की ओर भागने की सूचना

सीधी। रीवा-सीधी सीमा पर स्थित छुहिया घाटी में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे सनसनीखेज वारदात सामने आई। चार गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने ओडिशा पुलिस की टीम पर हमला कर दिया और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस हिरासत से छुड़ाकर फरार हो गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की और बेसबॉल बैट से हमला किया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

### कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया जा रहा था आरोपी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओडिशा पुलिस की टीम एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी आदित्य मिश्रा को रीवा जिला न्यायालय में पेशी के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान जब पुलिस का वाहन छुहिया घाटी से गुजर रहा था, तभी चार गाड़ियों में सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन को चारों तरफ से घेर लिया और हमला बोल दिया।

### तीन राउंड फायरिंग, बेसबॉल बैट से पुलिसकर्मियों पर हमला

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग की और बेसबॉल बैट से पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी आदित्य मिश्रा को पुलिस के कब्जे से छुड़ाकर अपने साथ फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम में आठ जवान शामिल थे, जो एके-47 और पिस्टल जैसे हथियारों से लैस थे।

### मैहर की ओर भागे बदमाश, पुलिस ने शुरू की घेराबंदी

घटना की सूचना मिलते ही सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों की गाड़ियां मैहर जिले की ओर भागी हैं। पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

दिनदहाड़े पुलिस टीम पर हमला कर गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाने की इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।