हत्या के चिन्हित मामले में पत्नी एवं प्रेमी को आजीवन कारावास की सजा…
(द्वितीय अपर सत्र न्यायालय सीधी का फैसला)
Also Read
सीधी, बताया गया मृतक दिलीप कोल की पत्नी आरोपिया नीतू कोल एवं मृतक के चचेरे भाई आरोपी राजेश कोल के मध्य प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसको लेकर मृतक दिलीप कोल अपनी पत्नी नीतू कोल एवं चचेरे भाई राजेश कोल को कई बार मना कर चुका था, किन्तु दोनों नहीं मानते थे। इसी बात को लेकर दिनांक 22.01.2025 को शाम करीब 07:00 बजे ग्राम भेलकीकला, थाना जमोड़ी, जिला सीधी में मृतक दिलीप का अपनी पत्नी आरोपी नीतू से विवाद हो रहा था, तभी वहां आरोपी राजेश कोल आया और दिलीप की पत्नी को अपने साथ अपने घर ले आया, तब पीछे-पीछे मृतक दिलीप भी आरोपी राजेश के घर आया और उसने राजेश से कहा कि मेरी पत्नी से क्यों बात करते हो, इसी बात पर से आरोपिया नीतू कोल ने मूसल से और आरोपी राजेश ने डंडे से दिलीप की मारपीट की, जिससे दिलीप चोटग्रस्त होकर मौके पर गिरकर मृत हो गया। भागवल उर्फ चुलबुल द्वारा थाना जमोडी में दिलीप की मृत्यु की सूचना देते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट लेख कराई गई। जिस पर से थाना जमोडी में अपराध क्रमांक 48/2025 अंतर्गत धारा 103(1) भा.न्या.सं. एवं मर्ग क्र. 04/2025 धारा 194 भा.ना.सु.सं. के अंतर्गत पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण को माननीय पुलिस अधीक्षक सीधी द्वारा जघन्य एवं सनसनीखेज प्रकरण की श्रेणी में चिन्हित कर विवेचना के निर्देश जारी किये गये। मामले की संपूर्ण विवेचना पश्चात् अभियोग पत्र तैयार कर माननीय न्यायालय सीधी में प्रस्तुत किया गया। मामले का विचारण माननीय द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश सीधी की न्यायालय में किया गया, जिसके न्यायालयीन सत्र प्रकरण क्रमांक 45/2025 में शासन की ओर से सशक्त पैरवी करते हुए अपर लोक अभियोजक श्री रमाशंकर दुबे के द्वारा अभियुक्त को संदेह से परे प्रमाणित कराया गया। परिणामस्वरूप माननीय द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश सीधी की न्यायालय के द्वारा अभियुक्तगण के विरूद्ध दिनांक 23/11/2026 को दण्डादेश पारित करते हुए दोनों अभियुक्तगण राजेश कोल तनय छोटवा कोल, उम्र 24 वर्ष एवं नीतू कोल पति स्व. दिलीप कोल, उम्र 27 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम भेलकी कला, थाना जमोडी जिला सीधी (म.प्र.) को धारा 103(1) सहपठित धारा 3(5) भा.न्या.सं. के आरोप में आजीवन कारावास एवं 500/-500/-रू. अर्थदण्ड से दंडित किया गया। प्रकरण में माननीय न्यायालय के आदेशानुसार न्यायालयीन संमंस/वारण्ट कोर्ट मोहर्रिर आर. 566 श्री अजमेर सिंह द्वारा जारी किये गये एवं साक्षीगण की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए आवश्यक सहयोग दिया गया।



