जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष: चचेरे भाई ने कुल्हाड़ी से हमला कर 50 वर्षीय व्यक्ति की कर दी हत्या
धानिगवा पश्चिम टोला में सुबह 7:30 बजे वारदात से मचा हड़कंप, 10 डिसमिल सड़क की जमीन को लेकर वर्षों से चल रहा था विवाद
Also Read
सीधी। जिले के मड़वास थाना क्षेत्र अंतर्गत धानिगवा पश्चिम टोला में शुक्रवार सुबह जमीनी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। जमीन को लेकर हुए विवाद में एक 50 वर्षीय व्यक्ति की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सीता गुप्ता (50 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे जमीन को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान रिश्ते के चचेरे भाई रामनिवास गुप्ता (48 वर्ष) पर सीता गुप्ता के ऊपर कुल्हाड़ी से हमला करने का आरोप है। हमले में सीता गुप्ता की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच करीब 10 डिसमिल सड़क की जमीन को लेकर पिछले कई वर्षों से विवाद चला आ रहा था। इस जमीन को लेकर मड़वास तहसील में प्रकरण भी दर्ज है। इसके बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो सका और शुक्रवार सुबह यह विवाद जानलेवा घटना में बदल गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद मड़वास थाना प्रभारी भूपेश बैस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कराए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि थाने में सूचना पहुंचते ही चौकी पथरौला को आवश्यक निर्देश दिए गए थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। वहीं घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जमीन विवाद में हुई इस हत्या की घटना ने एक बार फिर लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक और जमीन संबंधी विवादों के गंभीर परिणामों को उजागर कर दिया है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।



