जमोड़ी बायपास पर ट्रक और कार की जोरदार भिड़ंत, तीन लोग घायल, जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 18 Nov 2026, 12:07 PM IST | 1 min read
Share:

जमोड़ी बायपास पर ट्रक और कार की जोरदार भिड़ंत, तीन लोग घायल, जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

तेज रफ्तार के चलते हुआ हादसा, कार में सवार एक बच्चे सहित तीन लोग आए चपेट में, पुलिस ने दोनों वाहन किए जब्त

सीधी। जिले के जमोड़ी बायपास में बुधवार दोपहर करीब 3 बजे ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार में सवार तीन लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार क्रमांक MP53ZE5814 में सवार संजू गुप्ता उम्र 30 वर्ष पिता बब्बू गुप्ता, लड्डू गुप्ता उम्र 8 वर्ष निवासी चकदही तथा सीमा गुप्ता जमोड़ी बायपास से गुजर रहे थे। इसी दौरान ट्रक और कार के बीच अचानक जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार सवार तीनों लोग इसकी चपेट में आ गए। संजू गुप्ता और लड्डू गुप्ता को चोटें आईं, जबकि सीमा गुप्ता को मामूली चोट लगी है।

108 एंबुलेंस के चालक रामायण केवट ने बताया कि तेज रफ्तार के चलते अचानक यह हादसा हुआ। ट्रक सिंगरौली की ओर जा रहा था, जबकि कार दूसरी दिशा में मुड़ रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। सूचना मिलने पर एंबुलेंस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

वहीं जमोड़ी थाना प्रभारी केदार परौहा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि घायलों की स्थिति ज्यादा गंभीर नहीं है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।