### खबर प्रकाशन के बाद जूरी-बकिया नहर का मरम्मत कार्य शुरू, तीन नहरें अब भी टूटीं
**किसानों को गेहूं की बोवनी के लिए पानी का इंतजार, सिंचाई विभाग और कलेक्टर से मरम्मत की मांग**
Also Read
**कुसमी, सीधी।** क्षेत्र में नहरों की बदहाल स्थिति को लेकर मीडिया में खबर प्रकाशित होने के बाद आखिरकार जूरी-बकिया नहर का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे किसानों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद जगी है, लेकिन क्षेत्र की तीन प्रमुख नहरें अब भी टूटी हुई हैं, जिससे किसानों के सामने सिंचाई का संकट बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार जरबों खोह नहर, करी खोह नहर और कोडार बांध नहर की मरम्मत अब तक नहीं हो सकी है। नहरें क्षतिग्रस्त होने के कारण किसानों के खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इससे आगामी गेहूं की बोवनी प्रभावित होने की आशंका है। किसान लंबे समय से नहरों की मरम्मत और सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।
किसानों ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों एवं जिला कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि शेष तीनों नहरों का मरम्मत कार्य भी तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि समय पर खेतों तक पानी पहुंच सके और किसान गेहूं की बोवनी कर सकें। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते नहरों की मरम्मत नहीं हुई तो रबी की फसल की बोवनी प्रभावित हो सकती है।



