किसी ने बाल खींचे, किसी ने लाठी बरसाई तो किसी ने चलाए लात-घूंसे, गांधी चौराहे पर महिलाओं के बीच जमकर

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 16 Nov 2026, 05:18 AM IST | 1 min read
Share:

किसी ने बाल खींचे, किसी ने लाठी बरसाई तो किसी ने चलाए लात-घूंसे, गांधी चौराहे पर महिलाओं के बीच जमकर मारपीट, बच्चे और अन्य लोग भी भिड़े, VIDEO वायरल

फुटपाथ पर सब्जी की दुकान लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद, राजस्थान मिष्ठान भंडार के सामने सड़क पर मचा हंगामा, लोगों ने पुलिस को दी सूचना।

सीधी। शहर के व्यस्त गांधी चौराहे के पास सोमवार सुबह उस समय हंगामे की स्थिति निर्मित हो गई, जब राजस्थान मिष्ठान भंडार के सामने फुटपाथ पर सब्जी की दुकान लगाने को लेकर चार महिलाओं के बीच जमकर मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि किसी ने एक-दूसरे के बाल खींचे तो किसी ने लाठी से हमला किया। वहीं, कोई लात मारता नजर आया तो कोई एक-दूसरे पर घूंसे बरसाता दिखाई दिया। इस दौरान बच्चे और अन्य व्यक्ति भी मारपीट में शामिल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, गांधी चौराहे के पास सड़क किनारे महिलाएं सब्जी की दुकान लगाकर अपना व्यवसाय करती हैं। सोमवार सुबह करीब 8 बजे फुटपाथ पर दुकान लगाने को लेकर महिलाओं के बीच विवाद शुरू हुआ। शुरुआत में हुई कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। चार महिलाएं एक-दूसरे के साथ हाथापाई करने लगीं। वायरल वीडियो में महिलाएं एक-दूसरे के बाल खींचती, लाठी से मारती और लात-घूंसे चलाती नजर आ रही हैं। इसी दौरान बच्चे और अन्य व्यक्ति भी विवाद में शामिल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थानीय व्यक्ति मनीष कुमार ने बताया कि महिलाओं के बीच काफी देर तक मारपीट होती रही। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें समझाने और अलग करने का प्रयास किया, लेकिन महिलाएं किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थीं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और डायल 112 पर कॉल कर पुलिस सहायता मांगी।

वहीं, कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि महिलाओं के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही मामला शांत हो गया था और संबंधित लोग वहां से जा चुके थे। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति कानून का उल्लंघन करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।