कुसमी क्षेत्र की राशन दुकानों में नहीं पहुंचा नवंबर माह का खाद्यान्न, हितग्राही परेशान ।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 24 Nov 2026, 12:04 PM IST | 0 min read
Share:

# कुसमी क्षेत्र की राशन दुकानों में नहीं पहुंचा नवंबर माह का खाद्यान्न, हितग्राही परेशान

**24 नवंबर तक टमसार, भुइमाड़, लुरघुटी और पोड़ी समितियों की उचित मूल्य दुकानों में नहीं पहुंचा राशन, ब्लॉक अध्यक्ष विमल जायसवाल ने कलेक्टर एवं प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया**

**कुसमी/सीधी। * सीधी जिले के कुसमी जनपद पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत नवंबर माह का खाद्यान्न अब तक शासकीय उचित मूल्य दुकानों तक नहीं पहुंच पाया है। टमसार, भुइमाड़, लुरघुटी और पोड़ी समितियों से जुड़ी राशन दुकानों में 24 नवंबर तक खाद्यान्न की आपूर्ति नहीं होने से राशन कार्डधारी हितग्राहियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थिति यह है कि नवंबर माह समाप्त होने में अब महज एक सप्ताह का समय शेष है, लेकिन दुकानों तक राशन नहीं पहुंचने से हितग्राहियों के सामने खाद्यान्न प्राप्त करने का संकट खड़ा हो गया है। राशन लेने उचित मूल्य दुकानों पर पहुंच रहे हितग्राहियों को बिना राशन मिले ही वापस लौटना पड़ रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब महीने के अंतिम सप्ताह तक खाद्यान्न दुकानों में नहीं पहुंचा है, तो शेष दिनों में आपूर्ति और वितरण कैसे हो पाएगा?

मामले को गंभीरता से लेते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विमल जायसवाल ने खंड प्रशासन एवं जिला कलेक्टर का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित विभाग तत्काल खाद्यान्न परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित कर सभी शासकीय उचित मूल्य दुकानों तक नवंबर माह का राशन पहुंचाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न मिल सके।

अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या पर कितनी तत्परता दिखाता है और कब तक राशन दुकानों में खाद्यान्न की आपूर्ति सुनिश्चित कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की जाती है।