मौसम का बदला मिजाज, शाम ढलते ही बढ़ने लगी ठिठुरन,दो दिन की बूंदाबांदी के बाद गिरा पारा…
सीधी
मौसम में आए बदलाव के साथ जिले में सर्दी ने धीरे-धीरे अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। दो दिनों तक हुई हल्की बारिश और बूंदाबांदी के बाद तापमान में गिरावट आई है। अब दिन ढलते ही ठंड का अहसास बढ़ने लगता है और रात होते-होते ठिठुरन लोगों को गर्म कपड़े पहनने के लिए मजबूर कर रही है। सुबह और शाम के समय सर्द हवाओं का असर भी महसूस किया जा रहा है। नवंबर के अंतिम दिनों में मौसम का यह बदला रुख संकेत दे रहा है कि आने वाले सप्ताह में ठंड और बढ़ सकती है।
Also Read
शहर की अपेक्षा ग्रामीण अंचलों में सर्दी का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। शाम होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड बढ़ने से लोग जल्द घरों में पहुंचने लगे हैं। सीधी शहर के बाजारों में भी रात के समय चहल-पहल कम होने लगी है। ठंड के कारण कई बड़े व्यवसायी रात 9 बजे तक दुकानें बंद कर रहे हैं। बाजार के कारोबारियों का कहना है कि शाम ढलने के बाद ग्राहकों की आवाजाही घट जाती है। इसका सबसे ज्यादा असर फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले छोटे कारोबारियों पर पड़ रहा है, जिन्हें खुले आसमान के नीचे बैठकर कारोबार करना पड़ता है।
यात्रियों की भी बढ़ी परेशानी
रात में बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों की परेशानी भी बढ़ने लगी है। बस स्टैंड पर देर रात तक वाहन की प्रतीक्षा करने वाले लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं। कारोबारियों का मानना है कि यदि मौसम में फिर बारिश होती है तो ठंड का असर और तेज हो सकता है।
गर्म कपड़ों की दुकानों में बढ़ी रौनक
ठंड बढ़ने के साथ ही गर्म कपड़ों के बाजार में भी रौनक लौटने लगी है। कपड़ा दुकानों पर जैकेट, जर्सी, स्वेटर, मफलर, टोपी, मोजे, दस्ताने, ब्लेजर और इनर की मांग बढ़ गई है। इसके अलावा कंबल, रजाई और गद्दों की खरीदारी भी तेज हो रही है। सीजनल कारोबार करने वाले दुकानदारों ने अपनी दुकानों के काउंटर और प्रदर्शन स्थलों पर गर्म कपड़ों की नई रेंज सजा दी है।
व्यवसायियों के मुताबिक ठंड की शुरुआत के साथ गर्म कपड़ों की बिक्री में तेजी आई है। दुकानदारों ने इनके दाम में करीब 25 फीसदी तक बढ़ोतरी कर दी है। वैवाहिक सीजन शुरू होने से फैंसी गर्म कपड़ों की मांग भी बढ़ी है। बाजार में फैंसी गर्म परिधानों की कीमत तीन हजार रुपए से अधिक बताई जा रही है। कारोबारियों को उम्मीद है कि तापमान में और गिरावट आने के साथ गर्म कपड़ों की बिक्री में भी इजाफा होगा।



