मडरिया बाईपास में बेलगाम बलकर का कहर, तीन वाहन और ठेला को मारी टक्कर, एक व्यक्ति घायल

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 09 Nov 2026, 10:54 AM IST | 1 min read
Share:

मडरिया बाईपास में बेलगाम बलकर का कहर, तीन वाहन और को मारी टक्कर, एक व्यक्ति घायल; हादसे के बाद भागा चालक, पुलिस ने वाहन पकड़ा

दीपावली की रात करीब 8 बजे हुआ हादसा, सड़क किनारे खड़े अपाचे, स्प्लेंडर और ऑटो को पहुंचा नुकसान, घायल जिला अस्पताल में भर्ती

सीधी। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत मडरिया बाईपास में रविवार की रात तेज रफ्तार बलकर वाहन का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित बलकर ने सड़क किनारे खड़ी एक अपाचे मोटरसाइकिल, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक थैला और एक ऑटो वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इसके अलावा पास में खड़े एक व्यक्ति को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्रित हो गए और तत्काल पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया।

थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे बलकर वाहन को रास्ते में ही पकड़ लिया और उसे जब्त कर लिया। वहीं घायल व्यक्ति को उपचार के लिए जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया गया है। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे सुरक्षित खड़ा कराया गया।

स्थानीय निवासी रामचरण सोनी ने बताया कि दीपावली के त्योहार के बीच रविवार रात करीब 8 बजे के बाद यह हादसा हुआ। बलकर वाहन की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से वाहन लेकर भाग निकला था।

कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। बलकर वाहन को जब्त कर लिया गया है और घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।