NH-39 पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौके पर मौत, तीन गंभीर घायल..

राजू गुप्ता (स्टेट हेड)

Reporter | Updated: 18 Nov 2026, 01:53 PM IST | 1 min read
Share:

NH-39 पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, एक की मौके पर मौत, तीन गंभीर घायल..

पैगमा गांव के पास शाम 6 बजे हुआ भीषण हादसा, सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल रीवा किया गया रेफर

सीधी। जिले के बहरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पैगमा के पास बुधवार शाम NH-39 मुख्य मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों के बीच जोरदार आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि ग्राम पैगमा निवासी बबलू रावत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में अमन द्विवेदी, सोनू रावत और एक युवती शामिल हैं। युवती की पहचान और पता फिलहाल सामने नहीं आ पाया है।

 

जानकारी के अनुसार, एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार होकर हिनौती निवासी अमन द्विवेदी और एक युवती सीधी से बहरी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार ग्राम पैगमा निवासी बबलू रावत और सोनू रावत विपरीत दिशा से आ रहे थे। ग्राम पैगमा के पास दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर में बबलू रावत ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि अन्य तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

मृतक बबलू रावत की पत्नी नीलम रावत ने बताया कि उनके पति बाल और दाढ़ी बनवाने के लिए हेयर सैलून की दुकान गए हुए थे। इसी दौरान मुख्य मार्ग पर यह दर्दनाक हादसा हो गया।

 

108 एंबुलेंस में पदस्थ कर्मचारी दीनदयाल मिश्रा ने बताया कि जब तक एंबुलेंस टीम घटनास्थल पर पहुंची, तब तक घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा चुका था। अस्पताल में तीनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर कर दिया गया। सोनू रावत की आंखों और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। तीनों घायल बेहोशी की हालत में बताए गए हैं।

 

बहरी थाना प्रभारी राजेश पांडे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को मुख्य मार्ग से हटवाकर किनारे कराया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।