रीवा-सीधी मुख्य मार्ग पर बोलेरो और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, युवक गंभीर घायल
रामपुर नैकिन तहसील कार्यालय से 500 मीटर दूर हुआ हादसा, टक्कर के बाद मोटरसाइकिल के उड़े परखच्चे
Also Read
सीधी। जिले के रीवा-सीधी मुख्य मार्ग पर रामपुर नैकिन तहसील कार्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर सोमवार शाम करीब 5 बजे बोलेरो और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन क्रमांक MP 53 ZH 3515 रीवा की ओर से आ रहा था। इसी दौरान रामपुर नैकिन की तरफ से जा रही मोटरसाइकिल क्रमांक MP 53 ZA 2957 से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार मूर्तला निवासी भोले रावत सड़क पर दूर जा गिरा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
सीएचसी में घायल का उपचार जारी
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर नैकिन पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही रामपुर नैकिन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को सड़क से किनारे करवाया। थाना प्रभारी अभिषेक उपाध्याय ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।



