रेही नदी के पास अनियंत्रित होकर पीछे की ओर लुढ़का रेत से भरा ट्रक, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
अमिलिया-पटपरा मार्ग पर खड़ी चढ़ाई में अचानक ब्रेक और एक्सीलेटर ने दिया जवाब, स्टेयरिंग में हाथ फंसने से चालक घायल
Also Read
सीधी। जिले के अमिलिया-पटपरा मार्ग पर रेही नदी के पास मंगलवार शाम करीब 4 बजे रेत से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर नदी की तरफ जाने लगा। हालांकि चालक की सूझबूझ और तत्परता से ट्रक नदी में गिरने से बाल-बाल बच गया। इस दौरान चालक घायल हो गया, जिसे ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रेत से भरा ट्रक चुरहट की तरफ से अमिलिया की ओर जा रहा था। इसी दौरान रही नदी के पास खड़ी चढ़ाई पर अचानक ट्रक का ब्रेक काम नहीं करने लगा और एक्सीलेटर की गति भी कम हो गई। इसके चलते ट्रक पीछे की ओर लुढ़कने लगा और सीधे नदी की तरफ बढ़ने लगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चालक रविंद्र सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक के पहियों को मोड़ दिया, जिससे ट्रक नदी में गिरने से बच गया।
हालांकि इस घटना में चालक रविंद्र सिंह के हाथ और सिर में चोट आई है। बताया गया कि ट्रक का स्टेयरिंग संभालने के दौरान उनका हाथ उसमें फंस गया था। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल चालक को ऑटो की मदद से अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
ग्रामीणों ने जताई दुर्घटना की आशंका
स्थानीय ग्रामीण अनिल सिंह ने बताया कि रही नदी के पास इस मार्ग पर खड़ी चढ़ाई होने के कारण अक्सर बड़े वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं और दुर्घटना का शिकार होते हैं। मंगलवार को भी बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यदि चालक समय रहते सूझबूझ नहीं दिखाता तो ट्रक सीधे नदी में गिर सकता था और किसी की जान भी जा सकती थी। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की जरूरत बताई है।



