तीसरे दिन खत्म हुई जिला अस्पताल के सफाईकर्मियों की हड़ताल, 1500 रुपये बढ़ा वेतन
शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय की पहल पर ठेकेदार और कर्मचारियों के बीच बनी सहमति, गुरुवार से शुरू होगा सफाई का काम
Also Read
सीधी। जिला अस्पताल में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर पिछले तीन दिनों से जारी सफाईकर्मियों का आंदोलन आखिरकार बुधवार को समाप्त हो गया। शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय की पहल और हस्तक्षेप के बाद ठेकेदार एवं सफाईकर्मियों के बीच समझौता हो गया। समझौते के तहत अब सफाईकर्मियों को 8 हजार रुपये के स्थान पर 9500 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। यानी कर्मचारियों के वेतन में 1500 रुपये की बढ़ोतरी की गई है।
जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे महिला एवं पुरुष कर्मचारी कम वेतन मिलने से नाराज थे। अपनी मांगों को लेकर उन्होंने लगातार तीन दिनों तक काम बंद कर प्रदर्शन किया। इस दौरान अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था प्रभावित रही। कर्मचारियों की मांगों को लेकर स्थानीय विधायक की ओर से भी पूर्व में प्रयास किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया था।
इधर, सफाईकर्मियों के आंदोलन को देखते हुए शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पाण्डेय ने मामले में हस्तक्षेप किया था। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदर्शन की चेतावनी भी दी थी, जिसके बाद ठेकेदार असलम खान ने बातचीत का रास्ता अपनाया। बुधवार को विवेक पाण्डेय जिला अस्पताल परिसर में चल रहे सफाईकर्मियों के आंदोलन के बीच पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई।
बुधवार शाम करीब 4:30 बजे हुई बातचीत में 9500 रुपये मासिक वेतन देने पर सहमति बनी। समझौते के बाद सफाईकर्मियों ने अपना आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया। कर्मचारियों ने भी सहमति जताते हुए गुरुवार से नियमित रूप से काम पर लौटने की बात कही है।
विवेक पाण्डेय ने कहा कि सफाईकर्मी अस्पताल की व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी मेहनत को देखते हुए उचित वेतन मिलना जरूरी है। बातचीत के जरिए समाधान निकलना अच्छी पहल है। तीन दिनों से जारी हड़ताल समाप्त होने के बाद अब जिला अस्पताल की सफाई व्यवस्था दोबारा पटरी पर लौटने की उम्मीद है।



