### समय पर नहीं खुल रहा लोक सेवा केंद्र, किसान परेशान
11 बजे शुक्रवार तक भी नहीं खुला केंद्र, रसीद देने के बाद भी समय पर नहीं मिल रहे दस्तावेज, अधिक राशि वसूली की भी शिकायत
Also Read
सीधी/कुसमी। आम नागरिकों और किसानों को सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित लोक सेवा केंद्र की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। केंद्र के निर्धारित समय पर नहीं खुलने से किसानों और अन्य हितग्राहियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को सुबह 11 बजे तक केंद्र का ताला नहीं खुलने से अपने जरूरी काम के लिए पहुंचे लोगों को इंतजार करना पड़ा।
हितग्राहियों का आरोप है कि लोक सेवा केंद्र में आवेदन जमा करने के बाद उन्हें लाइन रसीद तो दे दी जाती है, लेकिन जरूरी दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाते। वहीं निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। इससे किसानों और आम नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है।
केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। शिकायत है कि पर्याप्त कंप्यूटर और अन्य तकनीकी उपकरण उपलब्ध नहीं हैं तथा महज एक प्रिंटर के सहारे केंद्र का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा यहां पदस्थ कर्मचारियों को कम वेतन दिए जाने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
हितग्राहियों के बैठने तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। केंद्र में रखी कई कुर्सियां टूटी हुई हैं, जिससे लोगों को असुविधा होती है।
जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग
किसानों और हितग्राहियों ने लोक सेवा केंद्र के नियमित संचालन, निर्धारित शुल्क पर समय-सीमा में दस्तावेज उपलब्ध कराने तथा पर्याप्त कंप्यूटर, प्रिंटर और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और केंद्र की व्यवस्थाओं में कब तक सुधार होता है।



