वेतन बढ़ोतरी की मांग पर जिला अस्पताल के सफाईकर्मियों की हड़ताल, दूसरे दिन भी चरमराई सफाई व्यवस्था

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 17 Nov 2026, 05:07 AM IST | 1 min read
Share:

वेतन बढ़ोतरी की मांग पर जिला अस्पताल के सफाईकर्मियों की हड़ताल, दूसरे दिन भी चरमराई सफाई व्यवस्था

एक दर्जन से अधिक महिला-पुरुष कर्मचारी काम छोड़कर बैठे, विधायक रीति पाठक से लगाई गुहार; सिविल सर्जन ने नए ठेके में समाधान का दिया भरोसा

सीधी। जिला अस्पताल की सफाई व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। वेतन में बढ़ोतरी नहीं किए जाने और लगातार मांगों की अनदेखी से नाराज एक दर्जन से अधिक महिला एवं पुरुष सफाईकर्मियों ने ठेकेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। इसके चलते जिला अस्पताल में सफाई व्यवस्था प्रभावित रही और दूसरे दिन भी सफाई का काम नहीं हो सका।

मंगलवार सुबह करीब 9 बजे सीधी विधायक रीति पाठक जिला अस्पताल पहुंचीं। इस दौरान हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों ने उनसे मुलाकात कर अपनी समस्याएं बताईं और वेतन बढ़ाने की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई। कर्मचारियों ने बताया कि वे पूरे अस्पताल की सफाई की जिम्मेदारी संभालते हैं, लेकिन इसके बदले उन्हें पर्याप्त मानदेय नहीं मिल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों का जल्द निराकरण नहीं हुआ तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

10 से 12 हजार रुपये में करना पड़ता है काम

सफाईकर्मी सविता भारती ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि हम लोग लगातार पूरे अस्पताल की देखरेख करते हैं। कचरे से लेकर खून के छींटों और अन्य गंदे कामों की सफाई भी करते हैं, लेकिन मेहनत के अनुरूप भुगतान नहीं मिलता। कर्मचारियों को महज 10 से 12 हजार रुपये ही मानदेय दिया जा रहा है। वेतन बढ़ाने की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

नया ठेका होने पर मिलेगा बातचीत का मौका

मामले में जिला अस्पताल की सिविल सर्जन दीपारानी इसरानी ने बताया कि सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल की है। इस संबंध में वेंडर को बुलाकर समझाइश दी गई है। पुराना ठेका रिजेक्ट हो चुका है और एक महीने के भीतर नए ठेके के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। नए ठेके में आने वाले ठेकेदार से कर्मचारी अपने मानदेय को लेकर बातचीत कर सकेंगे। फिलहाल पुराने वेंडर से भी चर्चा की जा रही है और जल्द ही समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।