उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की जरूरतों को लेकर जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा जिला उपाध्यक्ष बेला अर्जुन सिंह सैयाम ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष जनहित से जुड़ी कई मांगें रखी हैं। बीते दिनों मानपुर जनपद के गुरुवाही में आयोजित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न मांगों से संबंधित पत्र सौंपकर जिले के ग्रामीण और आदिवासी अंचलों की समस्याओं के निराकरण का आग्रह किया।
Also Read
बेला अर्जुन सिंह सैयाम ने अपने मांग पत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली, सड़क और आदिवासी समाज के लिए भवन जैसी आवश्यक सुविधाओं को प्रमुखता से शामिल किया है। उनका कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से आम नागरिकों, विद्यार्थियों, किसानों और आदिवासी परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
आदिवासी भवन और भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा की मांग
पाली जनपद पंचायत अंतर्गत प्रकाशनगर (मलियागुड़ा) के विद्युत मंडल अस्पताल चौराहे पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की गई है। इसके साथ ही पाली ब्लॉक मुख्यालय और उमरिया जिला मुख्यालय में भव्य आदिवासी भवन स्वीकृत करने का आग्रह किया गया है। मांग पत्र में आदिवासी समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए इन भवनों की आवश्यकता बताई गई है।
पेयजल और बिजली संकट से राहत की पहल
करकेली जनपद के अमुवारी, पोड़ी, मझौली, महोबादादर, बिदिया और कलोरी गांवों में गर्मी के दौरान पेयजल संकट का मुद्दा उठाया गया है। इन गांवों तक जोहिला और उमरिया नदी से पाइपलाइन के माध्यम से पेयजल पहुंचाने की योजना स्वीकृत करने की मांग की गई है। महोबादादर और कलोरी में विद्युतीकरण कराने के साथ पाली एवं करकेली क्षेत्र की उन बस्तियों का सर्वे कराने का भी आग्रह किया गया है, जहां अभी बिजली की सुविधा नहीं पहुंची है।
इसके अलावा पाली, मंगठार और करकेली विद्युत वितरण क्षेत्रों के ग्रामीण फीडरों में सुबह, शाम और रात के समय होने वाली अघोषित बिजली कटौती बंद कराने के लिए मुख्यमंत्री से संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने का अनुरोध किया गया है। पत्र में बिजली कटौती से किसानों, विद्यार्थियों, महिलाओं और ग्रामीण परिवारों को होने वाली परेशानियों का उल्लेख किया गया है।
स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं के विस्तार पर जोर
मांग पत्र में कुरकुचा, बरहाई, टकेटेई, मरदरी और बिदिया में उपस्वास्थ्य केंद्र भवन स्वीकृत कराने की मांग भी शामिल है। सुंदरदादर में आईटीआई केंद्र खोलने तथा सुंदरदादर, बन्नौदा और बंधवा टोला में विद्युत सब स्टेशन स्थापित कराने का प्रस्ताव रखा गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में माध्यमिक शाला कुरकुचा और आमोडोंगरी को हाईस्कूल तथा शासकीय हाईस्कूल बड़ागांव को हायर सेकेंडरी में उन्नत करने की मांग की गई है। करकेली के चंगेरा में सांदीपनि विद्यालय खोलने, जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत या नए भवन स्वीकृत करने और शिक्षकों की कमी दूर करने का भी आग्रह किया गया है।
पुलिया निर्माण और ग्रामीण संपर्क मार्ग भी मुद्दे में शामिल
पाली विकासखंड के ग्राम बरमटोला में कमराई नाला स्थित शिव मंदिर के पास तथा शहडोल-कटनी मुख्य मार्ग से मुदरिया माध्यमिक शाला की ओर जाने वाले मार्ग पर नाले में पुलिया सह रपटा निर्माण स्वीकृत करने की मांग रखी गई है।
मुख्यमंत्री को सौंपे गए इन मांग पत्रों के माध्यम से बेला अर्जुन सिंह सैयाम ने ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और लंबे समय से लंबित जरूरतों के समाधान की ओर शासन का ध्यान आकर्षित किया है। अब इन मांगों पर संबंधित विभागों की समीक्षा और शासन स्तर पर होने वाली कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।



