न्यूनतम तापमान में 3.5 डिग्री की गिरावट, सुबह-शाम बढ़ी ठिठुरन…
सुबह-शाम गर्म कपड़ों का सहारा, स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी..
Also Read
सीधी
जिले में नवंबर के अंतिम सप्ताह में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बीते एक सप्ताह में मौसम के मिजाज में बदलाव के साथ सुबह और शाम की ठिठुरन बढ़ी है। रात में ठंड का असर अधिक महसूस हो रहा है, जबकि सुबह घरों से निकलने वालों को सर्द हवाओं का सामना करना पड़ रहा है। दिन में धूप से कुछ राहत मिलती है, लेकिन सूरज ढलते ही तापमान गिरने से गलन बढ़ जाती है।
तापमान के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 19 नवंबर को सीधी में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री और न्यूनतम 14.5 डिग्री रहने का अनुमान था। वहीं 26 नवंबर को अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ, लेकिन न्यूनतम तापमान में करीब 3.5 डिग्री की गिरावट का संकेत है। सुबह की सैर करने वालों और रात में दोपहिया वाहनों से सफर करने वालों को ठंड का ज्यादा सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी सुबह ठिठुरन बढ़ गई है।
ठंड बढ़ने के साथ ही लोगों ने गर्म कपड़ों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। बाजारों में स्वेटर, जैकेट, मफलर, टोपी और कंबलों की मांग बढ़ने लगी है। सुबह-शाम गर्म कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही भी बढ़ी है। मौसम में बदलाव को देखते हुए बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
गलन भरी ठंड ने स्कूली बच्चों की बढ़ाई परेशानी
बढ़ती ठंड का असर अब स्कूली बच्चों की दिनचर्या पर भी दिखाई देने लगा है। सुबह की सर्द हवाओं के बीच छोटे बच्चों को स्कूल जाने के लिए घरों से निकलना पड़ रहा है। दोपहिया वाहनों और पैदल विद्यालय पहुंचने वाले विद्यार्थियों की परेशानी अधिक है। शिक्षा विभाग ने स्कूलों के संचालन का समय सुबह 9 बजे निर्धारित किया है, इसके बावजूद बच्चों को तैयार होने के लिए सुबह 7 बजे उठना पड़ता है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित
सुबह की गलन के बीच बच्चों को स्कूल भेजने की चिंता अभिभावकों को भी सताने लगी है। कुछ अभिभावकों का कहना है कि स्कूल वाहन सुबह 8:30 बजे ही बच्चों को लेने पहुंच जाते हैं। ऐसे में छोटे बच्चों को ठिठुरते हुए घर से निकलना पड़ता है। अभिभावकों की चिंता यह भी है कि स्कूल पहुंचने के बाद प्रार्थना और कक्षाओं के दौरान बच्चों को लंबे समय तक ठंडे माहौल में बैठना पड़ता है। ऐसे में छोटे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।



