मछली पकड़ने नदी गया था हीरालाल, दूसरे दिन पानी में मिला शव…

राजू गुप्ता (स्टेट हेड)

Reporter | Updated: 28 Nov 2026, 12:42 PM IST | 0 min read
Share:

मछली पकड़ने नदी गया था हीरालाल, दूसरे दिन पानी में मिला शव…

सीधी
भुईमाड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धोरबंधा में शुक्रवार को गोपद नदी के किनारे पानी में 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव के ही हीरालाल बैगा पिता फूले बैगा के रूप में हुई है। बताया गया कि वह गुरुवार दोपहर मछली पकड़ने के लिए जाल लेकर नदी गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह परिजनों ने तलाश शुरू की तो नदी किनारे पानी में उसका शव मिला।

जानकारी के अनुसार हीरालाल गुरुवार दोपहर मछली पकड़ने के लिए गोपद नदी गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। शुक्रवार सुबह परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान नदी के किनारे पानी में उसका शव दिखाई दिया। परिजनों ने तत्काल भुईमाड़ पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

प्रथम दृष्टया नदी में डूबने से मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। घटना से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।