रीवा में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, चुरहट से बड़ी भागीदारी की तैयारी…

राजू गुप्ता (स्टेट हेड)

Reporter | Updated: 28 Nov 2026, 12:39 PM IST | 0 min read
Share:

रीवा में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, चुरहट से बड़ी भागीदारी की तैयारी…

सीधी
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत आज 28 नवंबर को रीवा में आयोजित संभागीय पदयात्रा में चुरहट विधानसभा क्षेत्र से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। पदयात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और केंद्रीय राज्यमंत्री नेमूबेन बम्भईया सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। रीवा में नेताओं के उद्बोधन के बाद नगर के प्रमुख मार्गों से पदयात्रा निकाली जाएगी।

पदयात्रा की तैयारियों को लेकर चुरहट सर्किट हाउस में संभागीय संगठन प्रभारी विजय दुबे के मुख्य आतिथ्य, भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान की अध्यक्षता और पूर्व विधायक एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री शरदेन्दु तिवारी की विशिष्ट उपस्थिति में बैठक हुई।

विजय दुबे ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर देश में अराजकता फैलाने के लिए षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि फर्जी सोशल मीडिया खातों और अराजक तत्वों के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिशों को बेनकाब करने के लिए संभाग स्तर पर पदयात्रा आयोजित की जा रही है।

पूर्व विधायक शरदेन्दु तिवारी ने कहा कि पदयात्रा में विधानसभा क्षेत्र से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।

भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर संभागीय मुख्यालयों में पदयात्रा निकाल रही है। इसका उद्देश्य वोट चोरी से जुड़े आरोपों और अफवाहों के संबंध में जनता के सामने पार्टी का पक्ष रखना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संविधान की गरिमा, सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक परंपराओं की रक्षा के संकल्प के साथ पदयात्रा में भाग लेने का आह्वान किया।

बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष केके तिवारी, विंध्य प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष सुभाष सिंह, मऊगंज जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा, सतना के वरिष्ठ नेता अरुण द्विवेदी, रामपुर नगर परिषद अध्यक्ष रामकुमार साहू, संदीप द्विवेदी, जिला मीडिया प्रभारी सुरेंद्र मणि दुबे सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।