प्रधानमंत्री आवास के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप,पंचायत के निर्माण कार्यों में भी लाखों की गड़बड़ी

राजू गुप्ता (स्टेट हेड)

Reporter | Updated: 28 Nov 2026, 12:34 PM IST | 1 min read
Share:

प्रधानमंत्री आवास के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप,पंचायत के निर्माण कार्यों में भी लाखों की गड़बड़ी की शिकायत..

ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मांगी जांच

सीधी
जनपद पंचायत रामपुर नैकिन की ग्राम पंचायत खड्डी खुर्द में प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया है। पंचायत सचिव पर पात्र हितग्राहियों से आवास दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगने और सरकारी निर्माण कार्यों की राशि में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए हैं।
शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की। कलेक्टर से मुलाकात नहीं होने पर ग्रामीणों ने आवेदन आवक-जावक शाखा में जमा कराया और मीडिया के सामने अपनी समस्याएं रखीं।

शिकायतकर्ता जानकी कोल ने आरोप लगाया कि पंचायत सचिव द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के नाम पर हितग्राहियों से पैसे मांगे जाते हैं। पैसे नहीं देने पर योजना का लाभ नहीं मिलने की बात कही जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि कई पात्र परिवारों के नाम सूची में शामिल नहीं किए गए, जबकि पैसे देने वाले हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाया जा रहा है। उन्होंने वास्तविक पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।

शिकायत में निर्माण कार्यों में भी वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक सार्वजनिक शौचालय निर्माण के लिए करीब 5 लाख रुपए आवंटित हुए, लेकिन मौके पर निर्माण कार्य दिखाई नहीं दे रहा है। इसके बावजूद राशि आहरित किए जाने की शिकायत है।
इसी तरह शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय खड्डी खुर्द में करीब 8 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत बाउंड्रीवाल का निर्माण नहीं कराए जाने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा शिक्षा गारंटी मदरसा टोला में बाउंड्रीवाल और करीब तीन वर्ष पहले स्वीकृत नाली निर्माण की राशि के कथित फर्जी आहरण का मामला भी उठाया गया है।

ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि सरकारी राशि स्वीकृत होने के बावजूद निर्माण कार्य धरातल पर क्यों दिखाई नहीं दे रहे। उन्होंने स्वीकृति, भुगतान और राशि आहरण से संबंधित दस्तावेजों की जांच के साथ सभी कार्यों का भौतिक सत्यापन कर सरकारी राशि का हिसाब सार्वजनिक करने और पात्र हितग्राहियों को आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं में जानकी कोल, रविता कोल, राजकुमारी कोल, कोमल कोल, अखिलेश कोल, सविता कोल, शुधा द्विवेदी, शुषमा द्विवेदी, खुशबू, मधु, शियादेवी तिवारी और मान्या विश्वकर्मा सहित अन्य ग्रामीण शामिल रहे।

इनका कहना है

कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।