ठेकेदार ने सरेआम किसान को दी गोली मारने की धमकी,नल-जल पाइपलाइन बिछाने पर बवाल..

राजू गुप्ता (स्टेट हेड)

Reporter | Updated: 28 Nov 2026, 12:31 PM IST | 1 min read
Share:

ठेकेदार ने सरेआम किसान को दी गोली मारने की धमकी,नल-जल पाइपलाइन बिछाने पर बवाल..

निजी जमीन में बिना सहमति खुदाई का विरोध करने पर ठेकेदार से विवाद

सीधी
जिले के जनपद पंचायत रामपुर नैकिन अंतर्गत लेहेचुआ हत्था टोल प्लाजा के समीप नल-जल योजना की पाइपलाइन बिछाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। निजी कृषि भूमि में कथित तौर पर बिना सहमति खुदाई कर पाइपलाइन डालने का विरोध करने पर किसान और निर्माण एजेंसी के ठेकेदार के बीच तीखी बहस हो गई।
आरोप है कि विवाद के दौरान ठेकेदार ने किसान को सरेआम गोली मारने की धमकी दी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

क्या थी घटना

प्राप्त जानकारी के अनुसार टोल प्लाजा के पास नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा है। आरोप है कि ठेकेदार द्वारा किसान को पूर्व सूचना दिए बिना और उसकी सहमति लिए बगैर निजी जमीन की खुदाई कर पाइपलाइन निकाली जा रही थी। इससे फसल और कृषि भूमि को नुकसान होने की आशंका पर किसान ने मौके पर पहुंचकर काम का विरोध किया। इसी बात को लेकर ठेकेदार और किसान के बीच विवाद बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बहस के दौरान ठेकेदार ने कथित तौर पर दबंगई दिखाते हुए किसान को गोली मारने की धमकी दी। इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया।

सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना का उद्देश्य ग्रामीणों को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराना है, लेकिन योजना के क्रियान्वयन में निजी भूमि संबंधी नियमों और किसानों की सहमति की अनदेखी के आरोप गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। पीड़ित किसान ने प्रशासन और पुलिस से शिकायत कर आरोपी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।