पति लापता, पेंशन गायब, सिस्टम मौन,26 साल से सरकारी फाइलों में कैद गुलाबबाई का हक

तपस गुप्ता

Reporter | Updated: 22 Nov 2026, 11:53 AM IST | 1 min read
Share:

उमरिया तपस गुप्ता(7999276090)

सरकारी व्यवस्था में एक आम कहावत है कि कर्मचारी के सेवानिवृत्त होते ही उसकी सेवा का हिसाब और पेंशन का भुगतान सुनिश्चित हो जाता है, लेकिन उमरिया में सामने आया यह मामला इस व्यवस्था की हकीकत पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। यहां एक सेवानिवृत्त पटवारी की पेंशन का मामला करीब 26 वर्षों से उलझा हुआ है। पति लापता हैं, पत्नी अपने अधिकार के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रही है और जिम्मेदार विभागों की फाइलें एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय तक घूम रही हैं। सवाल है कि आखिर गुलाबबाई मिश्रा को न्याय कब मिलेगा।

मामला रामकरण मिश्रा का है, जो तहसीलदार बांधवगढ़ कार्यालय में पटवारी के पद पर पदस्थ थे। वे 31 दिसंबर 2000 को सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उनकी पेंशन के लिए संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा रीवा संभाग ने 12 जून 2001 को पीपीओ क्रमांक 07-G/M/554 भी जारी कर दिया था। यानी पेंशन की प्रक्रिया शुरू करने के लिए सरकारी दस्तावेज मौजूद थे, लेकिन विडंबना देखिए कि संबंधित कर्मचारी के कोषालय में उपस्थित नहीं होने और बैंक संबंधी जानकारी उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी पहली पेंशन का भुगतान ही नहीं हो सका।

समय गुजरता गया और मामला सरकारी रिकॉर्ड में दबा रहा। बाद में रामकरण मिश्रा की गुमशुदगी की रिपोर्ट 5 जून 2026 को दर्ज कराई गई। पुलिस द्वारा उन्हें तलाश पाना संभव नहीं होने की सूचना के बाद शासन के वित्त विभाग के 4 फरवरी 2022 के निर्देशों के तहत भुगतान संबंधी प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात सामने आई।

इस पूरे प्रकरण में सबसे बड़ा सवाल विभागीय कार्यप्रणाली पर उठता है। कलेक्टर कार्यालय भू-संसाधन प्रबंधन उमरिया ने 12 जून 2026 को पत्र जारी किया। इसके बाद 30 जून को संबंधित कार्यालय ने तहसीलदार बांधवगढ़ से आवश्यक दस्तावेज, बंधपत्र और अनाहरण प्रमाण पत्र मांगे। तहसीलदार बांधवगढ़ ने 7 जुलाई 2026 को जवाब देते हुए बताया कि रामकरण मिश्रा को 89 हजार 753 रुपये उपादान राशि का भुगतान किया जा चुका है, लेकिन पेंशन और परिवार पेंशन की कोई राशि तहसील कार्यालय से भुगतान नहीं की गई।

अब पत्नी गुलाबबाई मिश्रा की ओर से प्रस्तुत दस्तावेजों के साथ मामला संचालक पेंशन, भविष्य निधि एवं बीमा भोपाल तक भेजा गया है। इसमें पीपीओ, जीपीओ, सीपीओ, गुमशुदगी रिपोर्ट, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पैन कार्ड, समग्र आईडी, वारिसाना प्रमाण पत्र और बंधपत्र जैसे आवश्यक अभिलेख शामिल हैं। परिवार पेंशन, शेष उपादान और सारांशिकरण भुगतान की कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।

लेकिन बड़ा सवाल यह है कि गुलाबबाई को हर बार आवेदन देने के बाद आखिर मिलता क्या है? जनसुनवाई में गुहार लगाई, सीएम हेल्पलाइन का सहारा लिया, सरकारी कार्यालयों में दस्तक दी, फिर भी उनके अधिकार का भुगतान अब तक नहीं हो सका।

एक तरफ सरकारी रिकॉर्ड में पेंशन स्वीकृति का आदेश मौजूद है, दूसरी तरफ एक महिला अपने पति की गुमशुदगी के बाद आर्थिक अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही है। क्या जिम्मेदार विभागों के लिए यह मामला केवल पत्राचार तक सीमित रहेगा? क्या भोपाल में बैठे अधिकारी इस फाइल को देखकर कोई ठोस निर्णय लेंगे या गुलाबबाई को आगे भी तारीखों और आश्वासनों के भरोसे रहना पड़ेगा।

अब जरूरत सिर्फ फाइल आगे बढ़ाने की नहीं, बल्कि पात्रता और नियमों के अनुरूप लंबित भुगतान पर समयबद्ध निर्णय लेने की है। आखिर सरकारी कर्मचारी की वर्षों की सेवा के बाद उसके परिवार को अपने ही हक के लिए इतनी लंबी लड़ाई क्यों लड़नी पड़ रही है।

भालू की मौत पर ज्योति सिंह ने बजरंग पावर कंपनी को घेरा, विस्थापित वन्यजीवों को लेकर उठाए सवाल

घुनघुटी के जंगल में ट्रेन की ठोकर से भालू की मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। ग्रामीण आंदोलनकारी ज्योति सिंह ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर इस घटना के लिए बजरंग पावर कंपनी की खदान गतिविधियों को जिम्मेदार ठहराने का आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि जिस स्थान पर कोल माइंस संचालित हो रही है, वहां पहले भालू का प्राकृतिक रहवास था। भालू नियमित रूप से इसी क्षेत्र में रहता था और पास स्थित तालाब में पानी पीने भी आता था।

ज्योति सिंह का आरोप है कि बजरंग पावर कंपनी की खनन गतिविधियों और तालाब क्षेत्र में हो रहे बदलाव के कारण भालू का प्राकृतिक आवास उजड़ गया। वन क्षेत्र में अपना ठिकाना छिनने के बाद वन्यजीव आखिर कहां जाएंगे? उन्होंने आरोप लगाया कि जंगल में रहने वाले वन्यजीव अब अपने पुराने रहवास से भटकने को मजबूर हैं।

उन्होंने वीडियो में दावा किया कि भालू अपने पुराने रहवास की ओर लौटने के प्रयास में रेलवे लाइन की तरफ पहुंच गया, जहां रात करीब 8:30 बजे आने वाली ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, भालू की मौत के वास्तविक घटनाक्रम और कंपनी की गतिविधियों से इसके संबंध की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

ज्योति सिंह ने इससे पहले भी वन्यजीवों की मौत की घटनाओं का हवाला देते हुए चिंता जताई। उनका दावा है कि एकादशी के दिन गिठौरी क्षेत्र में 16 जंगली सूअर भी ट्रेन की चपेट में आकर मारे गए थे। उन्होंने इन घटनाओं को जंगल और वन्यजीवों के सामने बढ़ते खतरे से जोड़ते हुए खनन गतिविधियों पर सवाल उठाए हैं।

इस पूरे मामले ने बजरंग पावर कंपनी की खनन गतिविधियों, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और उनकी सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है। फिलहाल कंपनी की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।