उमरिया तपस गुप्ता (7999276090)
घुनघुटी के जंगल में कोयला खनन को लेकर चल रहा विवाद अब केवल जंगल और जमीन तक सीमित नहीं रह गया है। ग्रामीणों और बजरंग पावर के कर्मचारियों के बीच जारी तनातनी के बीच गिठौरी में एक आदिवासी महिला के घर कथित हमले का मामला सामने आने से क्षेत्र का माहौल गरमा गया है। घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ और जातिसूचक गालियां देने के गंभीर आरोपों ने पूरे मामले को राजनीतिक रंग दे दिया है। अब मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर सीधे प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा है।
Also Read
दरअसल, घुनघुटी जंगल में कोयला खनन को लेकर ग्रामीणों और बजरंग पावर के कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। इसी घटनाक्रम के बीच गिठौरी की गोंड आदिवासी महिला सुमित्रा सिंह के घर पर कथित हमले की बात सामने आई है। उमंग सिंघार के मुताबिक, 8 से 10 लोगों ने महिला के घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की। आरोप है कि परिवार और बच्चों के सामने महिला को जातिसूचक अपशब्द कहे गए। यदि ये आरोप जांच में सही पाए जाते हैं तो यह केवल आपसी विवाद नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था और आदिवासी परिवारों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला होगा।
खनन का विरोध या ग्रामीणों को डराने का आरोप?
घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कोयला खनन को लेकर ग्रामीणों और कंपनी के कर्मचारियों के बीच विवाद किस स्तर तक पहुंच गया कि एक महिला के घर पर हमले के आरोप लगने लगे। घुनघुटी जंगल को लेकर पहले से ही ग्रामीणों की चिंताएं और विरोध सामने आते रहे हैं। ऐसे में इस घटनाक्रम ने कंपनी और ग्रामीणों के बीच बढ़ते तनाव को फिर चर्चा में ला दिया है। हालांकि, बजरंग पावर प्रबंधन और संबंधित कर्मचारियों का पक्ष सामने आना बाकी है।
उमंग सिंघार का सरकार पर सीधा हमला
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने अपनी पोस्ट में लिखा कि घुनघुटी में जो हुआ, वह एक आदिवासी परिवार पर हमला ही नहीं, बल्कि सरकार की नाक के नीचे चल रहे कथित गुंडाराज का सबूत है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित महिला शिकायत लेकर पाली थाने पहुंची, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आदिवासी महिला को न्याय दिलाने में भी पुलिस प्रशासन दबाव में काम कर रहा है?
सिंघार ने एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत आरोपियों पर सख्त कार्रवाई, गिरफ्तारी और कथित तौर पर आरोपियों को बचाने वाले अधिकारियों के निलंबन की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं हुई तो आदिवासी समाज और कांग्रेस चुप नहीं बैठेंगे।
जंगल की लड़ाई ने पकड़ा राजनीतिक तूल
घुनघुटी का जंगल अब कोयला खनन, ग्रामीणों के विरोध और आदिवासी अधिकारों की लड़ाई का केंद्र बनता दिखाई दे रहा है। एक तरफ ग्रामीणों और कंपनी कर्मचारियों के बीच विवाद की स्थिति है, तो दूसरी तरफ महिला के साथ कथित मारपीट ने प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। अब निगाहें पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं। महिला की शिकायत, हमले के आरोपों और कंपनी कर्मचारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने ला सकती है।



