108 एंबुलेंस ने कार को मारी टक्कर, पति वा पत्नी हुए घायल, एयरबैग फटा

मनोज शुक्ला सम्पादक

Editor | Updated: 06 Oct 2026, 01:27 PM IST | 1 min read
Share:

108 एम्बुलेंस ने कार को मारी टक्कर, दंपती गंभीर घायल; हादसे के बाद मौके से भागी एम्बुलेंस

सीधी। मझौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलैहा में मंगलवार शाम करीब 4 बजे 108 एम्बुलेंस और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार एक महिला और एक पुरुष, दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि घायल दंपती राम सिंह के घर में रहते थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 108 एम्बुलेंस सीधी की ओर जा रही थी, जबकि कार मझौली की तरफ आ रही थी। इसी दौरान नाले के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार में सवार दोनों लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभालने का प्रयास किया।

स्थानीय निवासी मुकेश सिंह ने बताया कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में आ रहे थे। नाले के पास अचानक दोनों वाहनों की टक्कर हो गई, जिसके बाद कार सवार दंपती घायल हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के बाद 108 एम्बुलेंस मौके पर नहीं रुकी और वहां से चली गई।

घटना को लेकर मझौली थाना प्रभारी विशाल शर्मा ने बताया कि अभी तक हादसे के संबंध में किसी भी पक्ष द्वारा थाने में सूचना या आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद एम्बुलेंस के मौके से चले जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों की मदद करने और घटना की जानकारी संबंधित पुलिस को देने के बजाय एम्बुलेंस मौके से निकल गई। हालांकि, एम्बुलेंस चालक के मौके से जाने की परिस्थितियों और इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

फिलहाल पुलिस के पास कोई औपचारिक शिकायत नहीं पहुंची है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस दुर्घटना के कारणों, दोनों वाहनों की रफ्तार और हादसे के बाद एम्बुलेंस के मौके से जाने की स्थिति की जांच कर सकती है।