20 हजार रिश्वत लेते लोकायुक्त के हत्थे चढ़ा सचिव संघ अध्यक्ष राम सुजान तिवारी,आर ई एस कार्यालय में पकड़ा गया आरोपी सचिव..
संजय सिंह मझौली सीधी
Also Read
जिले के जनपद पंचायत मझौली अंतर्गत ग्राम पंचायत ठोंगा में पदस्थ सचिव एवं जनपद पंचायत मझौली सचिव संघ के अध्यक्ष राम सुजान तिवारी को 20000 रिश्वत लेते जनपद मुख्यालय मझौली के ग्रामीण यांत्रिकी सेवा कार्यालय में लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथ पकड़ा। सूत्रों के मुताबिक ग्राम पंचायत के सरपंच सचिव एवं तकनीकी अमला व ठेकेदारों की सारी फाइल यहीं से फाइनल होती हैं और यहीं से लेनदेन होता है जो उपयुक्त स्थान माना जाता है जहां आरोपी सचिव द्वारा बेहिचक रिश्वत ले ली गई। इतना ही नहीं इसी कार्यालय की प्रमुख का प्रभारी मंत्री के आगमन पर सोशल मीडिया में सचिवों से लेनदेन का एक पोस्ट भी वायरल हुआ था जो काफी दिनों तक सुर्खियों में रहा है।
शिकायतकर्ता मानेंद्र सिंह(मुन्नू)निवासी ग्राम ठोंगा ने बताया कि 1 लाख 20 हजार 400 रुपए लेबर पेमेंट होता था जिसमें आरोपी सचिव द्वारा 40 हजार रु रिश्वत की मांग की गई थी जिसमें 20 हजार पहले दे दिया था और 20 हजार के लिए बार-बार दबाव बना रहा था जिसकी शिकायत उसके द्वारा लोकायुक्त कार्यालय रीवा में की गई थी जहां से योजनाबद्ध तरीके से टीम पहुंची और आरोपी सचिव को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोच लिया।
प्रभार देने पर भी बड़ा सवाल
इस कार्यवाही के बाद एक बड़ा सवाल खड़ा होता है कि जब किसी भी सचिव को अतिरिक्त प्रभार दिया जाए तो उसके बारे में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को पता करना चाहिए लेकिन ऐसा ना करके राजनीतिक प्रभाव अथवा मनमानी तरीके से प्रभार दे दिया जाता है जिसका नतीजा है कि ऐसे भ्रष्ट कर्मचारी एक नहीं दो दो ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार फैला रहे हैं।सूत्रों की माने तो आरोपी सचिव को भी अतिरिक्त प्रभार ग्राम पंचायत ताला का भी सौंपा गया है जहां की शिकायत जनपद कार्यालय से लेकर जिला कलेक्टर, संभाग आयुक्त एवं उच्च न्यायालय जबलपुर में विचाराधीन है।



