अवैध शराब, गांजा व नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक की मांग, भगवती मानव कल्याण संगठन ने भुईमाड़ थाने में सौंपा ज्ञापन
भुईमाड़। सीधी जिले के कुसमी तहसील अंतर्गत भुईमाड़ थाना क्षेत्र में कथित रूप से चल रहे अवैध शराब, गांजा एवं अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग को लेकर भगवती मानव कल्याण संगठन शाखा तहसील कुसमी के भुईमाड़ क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को भुईमाड़ थाना पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से पुलिस प्रशासन से नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
Also Read
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं सार्वजनिक स्थानों के आसपास अवैध रूप से शराब तथा अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। संगठन का कहना है कि नशे के बढ़ते प्रचलन से युवाओं एवं विद्यार्थियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। साथ ही नशे की वजह से विवाद, घरेलू हिंसा, आर्थिक परेशानी, सड़क दुर्घटनाओं तथा अन्य आपराधिक घटनाओं की स्थिति उत्पन्न होने की बात भी ज्ञापन में कही गई है।
संगठन ने पुलिस प्रशासन से गांव-गांव नियमित गश्त एवं छापेमारी किए जाने, अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने तथा नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। ज्ञापन में तहसील रामपुर नैकिन क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर संचालित शराब दुकानों तथा धनखोरी हरिजन बस्ती में कथित रूप से घर-घर महुआ शराब बनाए जाने का भी उल्लेख किया गया है।
भगवती मानव कल्याण संगठन ने कहा कि नशामुक्त समाज के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है और प्रशासन से इस अभियान में सहयोग की अपेक्षा है। संगठन ने मांग की कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई कर क्षेत्र में नशे के प्रसार को रोका जाए।



