बैगा बच्चों के छात्रावास निर्माण में बिजली नियमों की अनदेखी, मजदूरों की जान जोखिम में।

अमित श्रीवास्तव

Reporter | Updated: 27 Nov 2026, 06:10 AM IST | 1 min read
Share:

### बैगा बच्चों के छात्रावास निर्माण में बिजली सुरक्षा नियमों की अनदेखी, मजदूरों की जान जोखिम में

कुसमी में जनमन योजना से सालभर से चल रहा निर्माण कार्य, कटे-फटे तारों से फैलाया जा रहा करंट; अस्थायी बिजली कनेक्शन की जांच और कार्रवाई की मांग

कुसमी। सीधी जिले के कुसमी क्षेत्र में जनमन योजना के तहत बैगा जनजाति के बच्चों के लिए बनाए जा रहे छात्रावास भवन के निर्माण कार्य में बिजली सुरक्षा नियमों की अनदेखी किए जाने का मामला सामने आया है। यहां निर्माण कार्य में लगे मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि निर्माण स्थल पर कटे-फटे बिजली के तारों के माध्यम से करंट फैलाया जा रहा है। वहीं भारी निर्माण मशीनों और बोरवेल के संचालन के लिए इस्तेमाल की जा रही बिजली के लोड को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के अनुसार छात्रावास का निर्माण कार्य करीब एक वर्ष से चल रहा है। इतने लंबे समय से निर्माण कार्य संचालित होने के बावजूद मौके पर उपयोग किए जा रहे अस्थायी बिजली कनेक्शन (टेम्प्रेरी कनेक्शन) की वैधता, स्वीकृत लोड और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की मांग उठने लगी है।

नियमानुसार अस्थायी बिजली कनेक्शन लेते समय निर्धारित लोड की स्वीकृति लेना, सुरक्षित इंसुलेटेड केबल का उपयोग करना, अर्थिंग, एमसीबी और सुरक्षा उपकरण लगाना जरूरी है। इसके बावजूद निर्माण स्थल पर यदि कटे-फटे तारों से बिजली का उपयोग किया जा रहा है तो यह मजदूरों के लिए गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है।

ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण स्थल पर भारी मशीनों के संचालन और बोरवेल के लिए कितने किलोवाट का कनेक्शन स्वीकृत है तथा वास्तविक खपत कितनी हो रही है, इसकी जांच होनी चाहिए।

ग्रामीणों ने उठाई जांच की मांग

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से निर्माण स्थल का निरीक्षण कर अस्थायी बिजली कनेक्शन के दस्तावेज, स्वीकृत लोड, मीटर व्यवस्था, वायरिंग और सुरक्षा उपकरणों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही यदि नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग उठाई है।

अब देखना होगा कि बिजली विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच करता है या फिर मजदूरों की सुरक्षा से जुड़ा यह मामला भी अनदेखा कर दिया जाएगा।