# डेवा पंचायत में एक ही दिन में 3 लाख की खरीदी पर सवाल, 50 हजार से कम के बनाए छह बिल
**निविदा प्रक्रिया से बचने के लिए बिलों को टुकड़ों में बांटने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप, जांच और कार्रवाई की मांग**
Also Read
**कुसमी।** जनपद पंचायत कुसमी की ग्राम पंचायत डेवा में पांचवें राज्य वित्त आयोग से स्वीकृत बाउंड्रीवाल निर्माण की राशि से की गई सामग्री खरीदी अब सवालों के घेरे में है। ग्रामीणों ने पंचायत सचिव पर क्रय प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी कर एक ही ट्रेडर्स से करीब 3 लाख रुपये की सामग्री खरीदने और भुगतान को छोटे-छोटे बिलों में विभाजित करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत डेवा में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए पांचवें राज्य वित्त आयोग से 5 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई थी। आरोप है कि पंचायत सचिव ने अर्पिता ट्रेडर्स से सांठगांठ कर 15 जून 2026 को एक ही दिन में करीब 3 लाख रुपये की सामग्री खरीदी। इस खरीदी के लिए बिल क्रमांक 17590, 17591, 17592, 17593, 17594 और 17596 जारी किए गए। खास बात यह है कि सभी छह बिल 50 हजार रुपये से कम राशि के बनाए गए।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब एक ही दिन में एक ही फर्म से करीब 3 लाख रुपये की खरीदी की गई, तो अलग-अलग फर्मों से कोटेशन क्यों नहीं मंगाए गए? पंचायत में तुलनात्मक पत्रक तैयार कर पारदर्शी प्रक्रिया क्यों नहीं अपनाई गई? ग्रामीणों का आरोप है कि बड़ी खरीदी को छोटे-छोटे बिलों में बांटकर प्रतिस्पर्धी निविदा प्रक्रिया से बचने का प्रयास किया गया है।
ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित बिल, भुगतान रिकॉर्ड, स्टॉक पंजी, पंचायत बैठक के प्रस्ताव और खरीदी प्रक्रिया की जांच कराने की मांग की है। साथ ही दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग उठाई है।
**सीईओ की कार्रवाई पर टिकी निगाहें**
अब देखना होगा कि जनपद पंचायत कुसमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और जांच के लिए क्या कदम उठाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायतों में वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतें और खबरें सामने आने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं दिख रही है। ऐसे में डेवा पंचायत के इस मामले में जांच और कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों की निगाहें जनपद प्रशासन पर टिकी हुई हैं।



