सेवा ज्योति यात्रा में खाली कुर्सियों ने बढ़ाई भाजपा की किरकिरी, 1000 से ज्यादा कुर्सियां लगीं, भीड़ 200 के अंदर सिमटी
सीधी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को शहर के स्थानीय पूजा पार्क में सेवा ज्योति कलश यात्रा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों की सहभागिता वाला बड़ा आयोजन बताया गया था। आयोजन स्थल पर 1000 से अधिक लोगों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी, लेकिन कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली नजर आईं।
Also Read
कार्यक्रम में सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा, धौहनी विधायक कुंवर सिंह टेकाम, सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, जिला संगठन प्रभारी नरेंद्र त्रिपाठी सहित भाजपा के पदाधिकारी, मंडल एवं मोर्चा अध्यक्ष मौजूद रहे। इसके बावजूद कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं और लोगों की संख्या करीब 200 के आसपास ही दिखाई दी।
भाजपा की ओर से कार्यक्रम में अधिक से अधिक जनभागीदारी का दावा किया गया था। पार्टी के स्थानीय कार्यक्रम की पूर्व जानकारी में हजारों की संख्या में आमजन और कार्यकर्ताओं के शामिल होने की अपील भी की गई थी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बुलाने पर भी उठे सवाल
कार्यक्रम में विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को लेकर भी कांग्रेस और शिवसेना ने सवाल खड़े किए। शिवसेना के प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने आरोप लगाया कि शासकीय कार्य में लगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए बुलाया गया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल से गुजरने के दौरान उन्हें बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली दिखाई दीं।
वहीं NSUI प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह ने दावा किया कि भाजपा के जिले के बड़े आयोजन में 200 से अधिक लोगों का नहीं पहुंचना पार्टी की स्थानीय स्थिति को लेकर सवाल खड़े करता है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने प्रतिक्रिया देने से किया इनकार
कार्यक्रम में अपेक्षाकृत कम भीड़ के संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह चौहान से सवाल किया गया तो उन्होंने विस्तृत प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वे कार्यक्रम में हैं और किसी के आने या नहीं आने से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि वे भाजपा के सेवक हैं और लगातार संगठन के लिए काम करते रहेंगे।
गौरतलब है कि सेवा संकल्प अभियान के तहत 7 अक्टूबर को देशभर में सेवा ज्योति कलश यात्रा आयोजित करने की घोषणा भाजपा ने की थी।



