छठ पूजा:तैयारियों को लेकर विधायक ने गोपालदास बांध का किया निरीक्षण…
घाटों की साफ-सफाई, आकर्षक सजावट, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
Also Read
सीधी
लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर शहर के प्रमुख पूजा स्थल गोपालदास बांध में तैयारियां शुरू हो गई हैं। पर्व के दौरान बड़ी संख्या में व्रतधारियों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।
इसी क्रम में शनिवार को सीधी विधायक रीती पाठक ने गोपालदास बांध पहुंचकर छठ पूजा की तैयारियों का जायजा लिया और विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
इस दौरान विधायक ने छठ पूजा के लिए तैयार किए जा रहे घाटों की साफ-सफाई, सजावट, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए किए जा रहे इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूजा से पहले सभी घाटों की बेहतर ढंग से सफाई कराई जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय स्थिति निर्मित न हो।
विधायक रीती पाठक ने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे श्रद्धाभाव से शामिल होते हैं। ऐसे में व्रतधारियों और उनके परिजनों की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में सूर्य उपासना एवं छठ पूजा संपन्न कर सकें।



