श्री बालाजी हाई स्कूल में कई प्रतियोगिताओं का आयोजन…
दीपावली के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने उत्साह पूर्वक की हिस्सेदारी…
Also Read
संजय सिंह मझौली..
जिले के नगर क्षेत्र मझौली में संचालित “श्री बालाजी हाई स्कूल”में दीपावली के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, साहित्यिक अभिरुचि एवं सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में रंगोली प्रतियोगिता,दीपक (दीया) सजावट प्रतियोगिता,कविता पाठ प्रतियोगिता,रामायण प्रसंग प्रस्तुति एवं हिंदी सुलेख प्रतियोगिता सहित कुल पांच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

शिक्षा के साथ नैतिक मूल्य भी जरूरी
इन सभी प्रतियोगिताओं में विद्यालय के प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला,रचनात्मकता, साहित्यिक प्रतिभा एवं कौशल का सुंदर प्रदर्शन किया।रंग-बिरंगी रंगोलियों और आकर्षक दीप सजावट के माध्यम से विद्यार्थियों ने दीपावली की खुशियों को जीवंत रूप दिया।वहीं कविता पाठ एवं रामायण प्रसंगों की प्रस्तुति के माध्यम से भारतीय संस्कृति,आदर्शों,नैतिक मूल्यों और हमारी समृद्ध धार्मिक एवं साहित्यिक विरासत का संदेश दिया गया।हिंदी सुलेख प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में सुंदर लेखन एवं हिंदी भाषा के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास किया गया।

सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत विद्यालय प्रबंधन
इस प्रकार की गतिविधियां केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच प्रदान नहीं करतीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन,रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित करती हैं।शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है,बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है।इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में समय-समय पर ऐसी शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।
कार्यक्रम में भाईचारे का दिया संदेश
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से समस्त छात्र-छात्राओं,अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं नगरवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।साथ ही कामना की गई है कि दीपों का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, समृद्धि,शांति,खुशहाली एवं नई ऊर्जा का संचार करे।
विद्यालय प्रबंधन ने अपने संदेश में कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं,बल्कि अज्ञानता पर ज्ञान, अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है।हमें इस पर्व पर अपने भीतर की बुराइयों, अहंकार,ईर्ष्या एवं नकारात्मकता को त्यागकर प्रेम,सद्भाव,सहयोग,भाईचारा और मानवता के दीप प्रज्वलित करने का संकल्प लेना चाहिए।
अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके उत्साह, लगन एवं सहभागिता की सराहना की तथा सभी को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।



