गांधी जयंती पर कुसमी में चला जोरदार स्वच्छता अभियान
नेता, अधिकारी और व्यापारियों ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश
Also Read
कुसमी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को जनपद पंचायत कुसमी के मुख्यालय भगवार एवं कुसमी मार्केट में जोरदार स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, व्यापारियों, राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने श्रमदान कर सड़क, नालियों एवं आसपास के क्षेत्रों की सफाई की।
जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह, जनपद पंचायत सीईओ ज्ञानेंद्र मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, ग्राम पंचायत भगवार की सरपंच चेतना सिंह, व्यापारी एकता संघ अध्यक्ष मनोज गुप्ता तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विमल जायसवाल सहित अन्य लोगों ने स्वच्छता अभियान में सहभागिता की।
हर माह चलाया जाता है स्वच्छता अभियान
बताया गया कि कुसमी मार्केट को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से व्यापारी एकता संघ द्वारा प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को स्वच्छता अभियान चलाया जाता है। संघ की ओर से करीब 20 स्वच्छता योद्धाओं को जिम्मेदारी दी गई है, जो अपने-अपने सड़क मार्ग एवं दुकानों के आसपास स्वच्छता पर नजर रखते हैं।
व्यापारियों द्वारा भी दुकानों पर डस्टबिन का उपयोग किया जा रहा है। ग्राम पंचायत की ओर से कचरा वाहन उपलब्ध कराया गया है, जिसके माध्यम से प्रतिदिन कचरे का संग्रहण किया जाता है। सुबह सफाई कर्मियों द्वारा बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में झाड़ू लगाकर सफाई की जाती है।
स्वच्छता में सभी की भागीदारी जरूरी : हीराबाई सिंह
जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपने घर, दुकान और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों में सक्रिय रूप से सहयोग करने की अपील की।
42 पंचायतों में स्वच्छता अभियान के निर्देश
जनपद पंचायत कुसमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज्ञानेंद्र मिश्रा ने बताया कि उन्होंने भगवार ग्राम पंचायत पहुंचकर स्वयं स्वच्छता अभियान में भाग लिया। जनपद क्षेत्र की 42 ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान चलाने के लिए सचिवों एवं सरपंचों को निर्देशित किया गया है। गांधी जयंती के अवसर पर पंचायत स्तर पर कार्यक्रम एवं बैठकें आयोजित कर विभिन्न प्रस्ताव भी पारित किए जा रहे हैं, लेकिन स्वच्छता अभियान को प्राथमिकता देते हुए सभी पंचायतों में इसे अनिवार्य रूप से चलाया जा रहा है।
मंदिर, स्कूल और शासकीय भवनों में भी सफाई
भाजपा मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि मंडल क्षेत्र के भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को अपने-अपने ग्राम पंचायत स्तर पर स्वच्छता अभियान में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यकर्ताओं द्वारा मंदिर परिसरों, शासकीय भवनों, कार्यालयों और स्कूलों सहित सार्वजनिक स्थानों पर सफाई अभियान में भाग लिया जा रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विमल जायसवाल ने भी बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपने आसपास तथा पंचायत स्तर पर स्वच्छता अभियान में सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया गया है।
बाजार को स्वच्छ बनाने लगातार प्रयास
व्यापारी एकता संघ अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि कुसमी मार्केट को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए संघ लगातार प्रयास कर रहा है। बाजार में नालियों की सफाई, पानी निकासी और कचरा प्रबंधन को लेकर ग्राम पंचायत के सहयोग से कार्य किए जा रहे हैं। व्यापारियों में भी स्वच्छता को लेकर उत्साह है और वे अभियान में लगातार सहयोग कर रहे हैं।
स्थानीय पत्रकार रामकेश द्विवेदी ने कहा कि कुसमी को स्वच्छ बनाने में स्थानीय पत्रकारों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। वरिष्ठ पत्रकारों के मार्गदर्शन में श्रमजीवी पत्रकार संघ भी जनहित से जुड़े ऐसे अभियानों में सक्रिय सहभागिता करता रहा है।
ये रहे मौजूद
स्वच्छता अभियान में जिला पंचायत सदस्य हीराबाई सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह, सीईओ ज्ञानेंद्र मिश्रा, सरपंच चेतना सिंह, व्यापारी एकता संघ अध्यक्ष मनोज गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विमल जायसवाल, सचिव रामभद्र शुक्ला, संतोष गर्ग, विश्व हिंदू परिषद प्रखंड अध्यक्ष, प्रधानाचार्य मनमोहन उपाध्याय, अमित श्रीवास्तव, अजय गुप्ता, जग्गू, नानक, दसमतिया साहू महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष कुसमी, रामफल रजक, बंसलाल सिंह ग्राम पंचायत रुदा सरपंच, आदित्य श्रीवास्तव, राजेश गुप्ता, श्रवण कुमार मिश्रा, दिनेश सिंह पेसा एक्ट अध्यक्ष ग्राम पंचायत भगवार, रामकेश द्विवेदी, मुकेश गुप्ता, प्रेम साहू सहित अधिकारी-कर्मचारी, व्यापारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



