हनुमानगढ़ गौशाला में 108 गायों का पूजन, मेवा और फल खिलाकर मनाई गई गोवर्धन पूजा
पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद, गौवंश संरक्षण का दिया संदेश
Also Read
सीधी। जिले की रामपुर नैकिन तहसील अंतर्गत ग्राम हनुमानगढ़ स्थित गौशाला में सोमवार को गोवर्धन पूजा का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसे जिले का सबसे बड़ा गोवर्धन पूजा कार्यक्रम बताया गया। दोपहर 12 बजे शुरू हुए इस आयोजन में 108 गायों का विधि-विधान से पूजन किया गया। इसके बाद गायों को मेवा, केला, फल और सब्जियां खिलाकर उनकी सेवा और संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी, जिला पंचायत सदस्य प्रदीप शुक्ला, सरपंच प्रभा तिवारी सहित तहसीलदार रामपुर नैकिन आशीष मिश्रा मौजूद रहे।
इस दौरान पूर्व विधायक शरदेंदु तिवारी ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा गोवंश संरक्षण की दिशा में अनूठी पहल की जा रही है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत के माध्यम से जिस तरह लोगों की रक्षा की थी, उसी तरह गायों का भारतीय संस्कृति और समाज में विशेष महत्व है। सरकार द्वारा जगह-जगह गौशालाओं का निर्माण कराया जा रहा है और गौ अभ्यारण्य की सौगात भी दी गई है, ताकि गोवंश के साथ किसी प्रकार का अनैतिक व्यवहार न हो।
तहसीलदार आशीष मिश्रा ने बताया कि शासन के निर्देश पर गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। रामपुर नैकिन क्षेत्र का सबसे बड़ा आयोजन हनुमानगढ़ गौशाला में हुआ, जहां गायों की पूजा के साथ उनके संरक्षण और महत्व के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
वहीं समाजसेवी नारायण तिवारी ने बताया कि गौशाला में पहले 110 गायें थीं, जिनमें से दो की मृत्यु हो चुकी है। वर्तमान में 108 गायों की देखभाल के लिए गांव और पंचायत की ओर से 12 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने बताया कि गौशाला की आमदनी से ही व्यवस्था संचालित होती है। गायों के दूध और गोबर से होने वाली आय से आजीविका चलाने में भी मदद मिलती है।



