हटवा-अमिलिया मार्ग पर फिर हादसा, खाई में पलटा सवारी ऑटो…
चालक का पैर टूटा, महिला सहित तीन लोग थे सवार..
Also Read
सीधी
हटवा बाजार-अमिलिया मार्ग पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे सवारी लेकर जा रहा एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में चालक राधेश्याम मौर्य का पैर टूट गया। ऑटो में एक महिला सहित तीन लोग सवार थे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम घोघरा निवासी राधेश्याम मौर्य ऑटो लेकर हटवा से अमिलिया की ओर जा रहे थे। हटवा बाजार के आगे अचानक ऑटो अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खाई में जा गिरा। दुर्घटना में चालक को गंभीर चोट आई। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मदद करते हुए उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
एक ही स्थान पर तीन महीने में 10 हादसों का दावा
हादसे के बाद मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल उठे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि जिस स्थान पर ऑटो दुर्घटनाग्रस्त हुआ, वहां पिछले तीन महीनों में करीब 10 सड़क हादसे हो चुके हैं। गांव के निवासी प्रशांत सिंह ने बताया कि इस जगह आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं, लेकिन समस्या के समाधान के लिए अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
अमिलिया थाना प्रभारी राकेश बैस ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



